Bharat Express DD Free Dish

मोदी सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए 6 आधुनिक बीज प्रोसेसिंग प्लांट लॉन्च किए

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार पूसा परिसर, नई दिल्ली में राष्ट्रीय बीज निगम (एनएससी) के नए अत्याधुनिक सब्जी एवं फूल बीज प्रोसेसिंग प्लांट और पैकिंग यूनिट का उद्घाटन किया.

Edited by Vaibhav Gupta

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार पूसा परिसर, नई दिल्ली में राष्ट्रीय बीज निगम (एनएससी) के नए अत्याधुनिक सब्जी एवं फूल बीज प्रोसेसिंग प्लांट और पैकिंग यूनिट का उद्घाटन किया. इस अवसर पर उन्होंने बरेली, धारवाड़, हसन, सूरतगढ़ और रायचूर स्थित एनएससी के पांच बीज प्रोसेसिंग प्लांट्स का वर्चुअल उद्घाटन भी किया.

पांचों प्लांट्स की क्षमता 4 टन प्रति घंटा

पूसा, नई दिल्ली स्थित बीज भवन में स्थापित सब्जी बीज प्रोसेसिंग प्लांट की क्षमता 1 टन प्रति घंटा है, जबकि एनएससी के अन्य पांचों प्लांट्स की क्षमता 4 टन प्रति घंटा रखी गई है. ये प्लांट अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित हैं, जिससे किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीजों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी और बीज उत्पादन की गुणवत्ता में वृद्धि होगी.

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने किसानों के लिए ‘बीज प्रबंधन 2.0’ प्रणाली और ऑनलाइन बीज बुकिंग प्लेटफॉर्म का भी शुभारंभ किया. इस प्रणाली के माध्यम से किसान अब अपनी बीज आवश्यकताओं की बुकिंग ऑनलाइन कर सकेंगे, जिससे पारदर्शिता और उपलब्धता दोनों में सुधार होगा. छोटे किसानों तक अच्छी क्वॉलिटी के बीज पहुंचना जरूरी है.

कृषि उत्पादकता में होगी वृद्धि

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इन प्लांट्स से किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीजों की सहज उपलब्धता सुनिश्चित होगी, जिससे कृषि उत्पादकता में वृद्धि होगी. ये नए प्लांट किसानों की जरूरतें पूरी करेंगे, जो कि बहुत महत्वपूर्ण है. पिछले दिनों चलाए गए विकसित कृषि संकल्प अभियान के दौरान सबसे ज्यादा शिकायतें नकली और घटिया बीज के संबंध में आई थी, ऐसे में गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध होना आवश्यक है, जिसमें एनएससी की भूमिका महत्वपूर्ण है. सरकार अपने स्तर पर इस मामले में कड़ी कार्रवाई कर रही है.

उन्होंने राष्ट्रीय बीज निगम की टीम की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल आत्मनिर्भर कृषि प्रणाली की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. निगम का काम केवल आजीविका चलाना नहीं, बल्कि देश के अन्न के भंडार भरना है.

कंपनियों की मनमानी पर लग सकेगा अंकुश

शिवराज सिंह ने कहा कि निगम को किसानों की सुविधा के लिए क्षेत्रीय भाषाओं में भी काम करते हुए इनोवेशन करना चाहिए, ताकि ज्यादा से ज्यादा किसानों तक लाभ पहुंच सके और निजी कंपनियों की मनमानी पर भी अंकुश लगाया जा सके. निजी कंपनियां अपनी जगह हैं, लेकिन सार्वजनिक निगमों का अपना अलग महत्व है. राज्यों के बीज विकास निगमों का काम भी और सुधारना जरूरी है. सभी बातों के मद्देनजर एनएससी रोडमैप बनाकर काम करें.

ये भी पढ़ें: भारत में पुरुष और महिला के वेतन में अंतर अब सबसे कम- रिपोर्ट

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read