Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

मोदी सरकार के 12 साल पूरे; NDA नेताओं ने गिनाईं उपलब्धियां, कहा- ‘यह विकास और विश्वास का सफर’

मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर एनडीए नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए उनके कार्यकाल को विकास और बदलाव का दौर बताया है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने पर एनडीए के कई नेताओं ने उन्हें बधाई दी है. नेताओं ने इस मौके पर मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि पिछले एक दशक में देश ने विकास, विदेश नीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और सामाजिक योजनाओं के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ने का काम किया है.

एनडीए नेताओं का कहना है कि 26 मई 2014 को जब नरेंद्र मोदी ने पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी, तभी से देश में बदलाव का एक नया दौर शुरू हुआ. अब 12 साल बाद बीजेपी और उसके सहयोगी दल इसे “विकास और विश्वास का सफर” बता रहे हैं.

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में देशभर में जिस स्तर पर इंफ्रास्ट्रक्चर और मानव संसाधन विकास का काम हुआ है, वैसा पहले कभी देखने को नहीं मिला. उन्होंने कहा कि आज देश के हर हिस्से में बदलाव साफ नजर आता है.

सावंत के मुताबिक, सड़कें, रेलवे, एयरपोर्ट, डिजिटल सेवाएं और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में तेजी से काम हुआ है. उन्होंने दावा किया कि जो काम कई दशकों में पूरा नहीं हो पाया था, उसे मोदी सरकार ने कम समय में आगे बढ़ाने की कोशिश की.

केंद्रीय राज्य मंत्री संजय सेठ ने भी मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत की वैश्विक छवि मजबूत हुई है और देश आर्थिक रूप से तेजी से आगे बढ़ा है.

संजय सेठ ने कहा कि भारत अब दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है और आने वाले समय में पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है. उनके अनुसार, सरकार की नीतियों का असर उद्योग, व्यापार और निवेश के क्षेत्र में दिखाई दे रहा है.

बिहार में ‘डबल इंजन’ सरकार पर जोर

बिहार सरकार में मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार समेत देश के कई राज्यों में विकास कार्यों को गति दी है. उन्होंने राज्य में एनडीए की “डबल इंजन” सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि इससे विकास योजनाओं को तेजी से लागू करने में मदद मिल रही है.

उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विजन का भी उल्लेख किया और कहा कि बिहार को देश के शीर्ष राज्यों में शामिल करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है.

किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए योजनाओं का जिक्र

छत्तीसगढ़ सरकार में मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में देश ने कई क्षेत्रों में प्रगति की है. उन्होंने सांस्कृतिक विरासत, विदेश नीति और सामाजिक कल्याण योजनाओं को सरकार की बड़ी उपलब्धियों में गिना.

उन्होंने कहा कि किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीब वर्ग के लिए कई योजनाएं शुरू की गईं, जिनका फायदा लोगों तक पहुंचा है.

शिवसेना ने भी दी शुभकामनाएं

शिवसेना प्रवक्ता कृष्णा हेगड़े ने भी प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए उनके कार्यकाल को “ऐतिहासिक” बताया. उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश में कई बड़े फैसले और विकास कार्य हुए हैं, जिनका असर आम लोगों तक पहुंचा है. मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर बीजेपी और एनडीए के नेता लगातार इसे उपलब्धियों का दौर बता रहे हैं. वहीं विपक्ष कई मुद्दों पर सरकार को घेरता भी रहा है.

ये भी पढ़ें- गरीबों की जान की बस यही कीमत? पुणे पोर्श कांड के आरोपी की हुई रिहाई, रईसजादों ने नोट उड़ाकर मनाया जश्न

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

Latest