Bharat Express DD Free Dish

‘हीरे की खदान से लेकर अबुधाबी-इंदौर डायरेक्ट फ्लाइट तक…’ दुबई से सीएम मोहन यादव ने निवेशकों को कैसे लुभाया?

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दुबई दौरे के दौरान मध्य प्रदेश को UAE से ₹53 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिलने का दावा किया गया है.

Mohan Yadav

रिपोर्ट-अजय भटनागर


मध्य प्रदेश को देश और दुनिया का सबसे पसंदीदा इन्वेस्टमेंट डेस्टिनेशन बनाने निकले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का दुबई दौरा ऐतिहासिक सफलताओं के साथ संपन्न हुआ है. दुबई प्रवास के अंतिम दिन मुख्यमंत्री ने वैश्विक उद्योगपतियों और निवेशकों के साथ ‘वन-टू-वन’ (One-to-One) बैठकों की मैराथन श्रृंखला के बाद बड़ा खुलासा किया.

सीएम डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से कुल 53 हजार करोड़ रुपये के भारी-भरकम निवेश प्रस्ताव हासिल हुए हैं. दुबई की धरती से मुख्यमंत्री ने ग्लोबल निवेशकों को ‘ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027’ (GIS-2027) का न्योता देते हुए मध्य प्रदेश को ‘आशाओं और असीम अवसरों की धरती’ करार दिया.

सीएम मोहन ने गिनाईं MP की ताकत(Mohan Yadav Dubai Visit)

दुबई में वैश्विक व्यापार जगत के दिग्गजों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश न केवल सस्ती पारंपरिक बिजली उपलब्ध करा रहा है बल्कि ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में भी दुनिया में तेजी से कदम बढ़ा रहा है. उन्होंने कहा कि उद्योगों को मात्र ₹2.17 प्रति यूनिट की दर से सस्ती बिजली उपलब्ध कराना जनहित और औद्योगिक विकास के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है. यूएई के साथ हमारी नवाचार और साझा समृद्धि की सोच एक जैसी है, जो हमें बेहद करीब लाती है.

देश की बेस्ट एविएशन पॉलिसी

कनेक्टिविटी को निवेश की रीढ़ बताते हुए मुख्यमंत्री ने बड़ा ऐलान किया कि मध्य प्रदेश के पास पूरे भारत की सबसे सर्वश्रेष्ठ राज्य स्तरीय एविएशन पॉलिसी है. उन्होंने कहा कि वर्तमान में अबुधाबी से इंदौर के लिए सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा चालू है और अगले महीने से मध्य प्रदेश से सीधे शारजाह के लिए भी डायरेक्ट फ्लाइट शुरू की जा रही है. इससे मध्य प्रदेश और खाड़ी देशों के बीच व्यापार, पर्यटन और आवाजाही को अभूतपूर्व पंख लगेंगे.

खाड़ी देश के उद्योगपतियों को दिया सीधा न्योता

दुबई को दुनिया के सपनों को धरातल पर उतारने वाला ट्रेड सेंटर बताते हुए सीएम मोहन यादव ने उद्योगपतियों को मध्य प्रदेश की प्राकृतिक संपदा से रूबरू कराया. उन्होंने कहा, “मध्य प्रदेश भारत का इकलौता और विशिष्ट राज्य है जहां हीरे की खदानें मौजूद हैं. मैं दुबई के तमाम बड़े उद्योगपतियों को आमंत्रित करता हूं कि वे आएं और मध्य प्रदेश की इस समृद्ध धरती पर निवेश करें.

उन्होंने बताया कि बीते वर्ष मध्य प्रदेश ने ₹15 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्तावों को जमीन पर उतारा है, जबकि राज्य से ₹76 हजार करोड़ से अधिक का रिकॉर्ड विदेशी निर्यात (Foreign Exports) दर्ज किया गया है.

ये भी पढ़ें: सत्य निकेतन हादसे के बाद MCD का बुलडोजर एक्शन: 7 मकान सील, 24 पर चला हथौड़ा; 35 को थमाया नोटिस

GIS-2027 के लिए तैयार हो रहा मध्य प्रदेश

अपने इस सफल दौरे के साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने साफ कर दिया है कि मध्य प्रदेश का अगला लक्ष्य ‘ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027’ (GIS-2027) को अभूतपूर्व बनाना है. 53 हजार करोड़ रुपये के नए निवेश प्रस्तावों से राज्य में रोजगार के लाखों नए अवसर पैदा होंगे और मध्य प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऐतिहासिक ऊंचाई मिलेगी.

-भारत एक्सप्रेस

 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read