Urdu Conclave 2026

गाय चोरी के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या, करणी सेना पदाधिकारी गिरफ्तार; कई आरोपी फरार

Indore cow theft: मध्य प्रदेश के इंदौर में गाय चोरी के शक में चंदर लोहार के साथ कथित मारपीट की गई. गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती चंदर की इलाज के दौरान मौत हो गई. पुलिस ने करणी सेना पदाधिकारी मानसिंह राजावत को गिरफ्तार किया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.

Indore cow theft

इंदौर में गाय चोरी के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या

Indore cow theft: इंदौर/ जय व्यास: मध्य प्रदेश के इंदौर में गाय चोरी के शक में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने करणी सेना के पदाधिकारी मानसिंह राजावत को गिरफ्तार किया है. मामला लसूड़िया थाना क्षेत्र के निरंजनपुर का है. पुलिस के मुताबिक, चंदर लोहार पर कुछ लोगों ने गाय चोरी का शक जताते हुए हमला किया था. गंभीर रूप से घायल चंदर को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

भीड़ ने मरते दम तक पीटा

बताया जा रहा है कि निरंजनपुर इलाके से एक गाय और उसका बछड़ा गायब हो गए थे. इसके बाद परिवार के लोगों के साथ स्थानीय लोग भी दोनों जानवरों की तलाश में जुट गए. तलाश के दौरान गाय और बछड़ा देवास नाका इलाके में मिल गए. इसी बीच चंदर लोहार पर गाय चोरी में शामिल होने का शक जताया गया.

आरोप है कि शक के आधार पर कुछ लोगों ने चंदर को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. मामला पुलिस तक पहुंचाने या किसी तरह की कानूनी कार्रवाई करने के बजाय भीड़ ने कथित तौर पर कानून अपने हाथ में ले लिया. मारपीट में चंदर गंभीर रूप से घायल हो गया. आरोपी उसे मरणासन्न हालत में छोड़कर वहां से चले गए.

चंदर को इलाज के लिए इंदौर के एमवाय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की.

सीसीटीवी से जुटाए जा रहे सबूत

प्रारंभिक जांच में पुलिस के सामने करणी सेना के पदाधिकारी मानसिंह राजावत के अलावा सूरज जाट, रोहित और कुणाल समेत कई लोगों के नाम सामने आए हैं. पुलिस अब सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है.

पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है. अधिकारियों के मुताबिक, सूरज जाट और कुणाल समेत फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें काम कर रही हैं.


ये भी पढ़ें: “जमीन खाली करो…” जम्मू में रोहिंग्या बस्ती पर चला प्रशासन का डंडा, थमाया नोटिस; भारत एक्सप्रेस के कैमरे पर बताई पूरी सच्चाई


गौ-रक्षा के नाम पर हिंसा की जांच

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चंदर के साथ मारपीट में कौन-कौन लोग शामिल थे और घटना के पीछे पूरा घटनाक्रम क्या था. मामले में गिरफ्तार मानसिंह राजावत से पूछताछ की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read