MP Sanjay Deshmukh Accident: अभिषेक पाण्डेय/यवतमाल: महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के दिग्रस तहसील के पास साखरा गांव के नजदीक एक भीषण सड़क हादसे में शिवसेना (ठाकरे गुट) के वाशिम-यवतमाल लोकसभा सांसद संजय देशमुख बाल-बाल बच गए. उनकी कार को एक तेज रफ्तार टिप्पर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
क्या है पूरा मामला?
सांसद संजय देशमुख शुक्रवार को अपने किसी जरूरी काम के सिलसिले में साखरा गांव गए हुए थे. काम निपटाकर वे अपनी इनोवा कार में सवार होकर वापस दिग्रस की ओर लौट रहे थे. इसी दौरान, साखरा के पास एक बेकाबू टिप्पर ने उनकी गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए. उस वक्त गाड़ी में सांसद संजय देशमुख के साथ उनके चार सहयोगी भी सवार थे.
टला बड़ा हादसा
हादसा इतना भयानक था कि स्थानीय लोग भी उसे देखकर सहम गए. टिप्पर की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि गाड़ी के पीछे का हिस्सा बुरी तरह पिचक गया है. हालांकि, गनीमत यह रही कि सांसद देशमुख और उनके साथ मौजूद सभी साथी इस हादसे में पूरी तरह सुरक्षित हैं. सांसद देशमुख को कहीं भी गंभीर चोट नहीं आई है. जैसे ही हादसे की खबर फैली, इलाके के लोगों में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मुआयना किया. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर यह हादसा कैसे हुआ और टिप्पर ड्राइवर की गलती कितनी थी. सांसद की गाड़ी से टक्कर मारने वाले टिप्पर और उसके ड्राइवर की तलाश की जा रही है. पुलिस ने कहा है कि हादसे के कारणों की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.
सांसद का क्या कहना?
घटना के बाद सांसद संजय देशमुख ने खुद मीडिया से बातचीत की और बताया कि वे और उनके साथी पूरी तरह ठीक हैं. उन्होंने कहा कि यह महज ईश्वर की कृपा है कि वे इतने बड़े हादसे में सही-सलामत बच गए. वे फिलहाल सुरक्षित हैं और अपनी दिनचर्या में वापस लौट रहे हैं.
ये भी पढ़ें: भूकंप के झटकों से दहला कोलकाता, लोग इमारतों से बाहर भागे; जानें क्या हैं ताजा हालात?
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




