Bharat Express DD Free Dish

डॉक्टर नहीं हैवान! 8 साल की बच्ची के साथ की सारी हदें पार… पहले चिमटे से दागा फिर जो हुआ हैरान कर देगा

Shahdol News: मध्य प्रदेश के शहडोल में 8 साल की बच्ची से कथित मारपीट और गर्म चिमटे से दागने का मामला सामने आया है. डॉक्टर की पत्नी पर FIR, पति की भूमिका भी जांच के घेरे में.

MP Shahdol 8-Year-Old Girl Torture Case

MP के शहडोल में 8 साल की बच्ची से कथित मारपीट का मामला सामने आया

MP 8-Year-Old Girl Torture Case: शहडोल/अनिल पाण्डेय: मध्य प्रदेश के शहडोल से आठ साल की बच्ची के साथ कथित तौर पर मारपीट और प्रताड़ना का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. आरोप है कि बच्ची को गलती करने पर पीटा जाता था और गर्म चिमटे से उसके शरीर को दागा जाता था. मामले में पुलिस ने डॉक्टर बीआर प्रजापति की पत्नी शांति उर्फ गुड़िया प्रजापति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

मामला पांडवनगर वार्ड नंबर-7 का है. बताया जा रहा है कि बच्ची मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बांदा की रहने वाली है. करीब छह महीने पहले डॉक्टर दंपति उसे अपने साथ शहडोल लेकर आए थे. बच्ची ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि डॉक्टर के घर में उससे कई बार मारपीट की गई. छोटी-छोटी गलतियों पर उसे सजा दी जाती थी और कथित तौर पर गर्म चिमटे से भी जलाया गया.

घर से निकलकर पड़ोस में पहुंची बच्ची

बच्ची किसी तरह डॉक्टर के घर से बाहर निकलकर पड़ोस में पहुंची. वहां उसने आसपास मौजूद लोगों को अपने साथ हुई कथित प्रताड़ना के बारे में बताया. बच्ची की हालत और उसकी बात सुनकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को अपने संरक्षण में लिया.

इसके बाद बच्ची को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया गया. फिलहाल वह बाल कल्याण समिति की देखरेख में है, जहां उसकी सुरक्षा और जरूरी देखभाल सुनिश्चित की जा रही है.


ये भी पढ़ें: लूडो ने ली जान: लखनऊ में खेल के दौरान हुआ विवाद, 4 साल के मासूम के सिर से उठा पिता का साया


डॉक्टर पति की भूमिका भी जांच के घेरे में

पुलिस ने बच्ची के बयान के आधार पर शांति उर्फ गुड़िया प्रजापति के खिलाफ मामला दर्ज किया है. वहीं, इस पूरे घटनाक्रम में डॉक्टर बीआर प्रजापति की भूमिका की भी जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बच्ची के साथ कथित मारपीट और प्रताड़ना कब-कब हुई और इसमें घर के अन्य लोगों की कोई भूमिका थी या नहीं.

फिलहाल पुलिस बच्ची के बयान और सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है. मामले की जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की तस्वीर साफ हो सकेगी.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read