रिपोर्ट- शकील अहमद सिद्दीकी
Sidhi Violence: मध्य प्रदेश के सीधी जिले से एक बड़ी और चिंताजनक घटना सामने आई है. यहां डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के दिन शुरू हुआ एक छोटा सा विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प और फिर बड़े बवाल में बदल गया. इस घटना ने पूरे इलाके में तनाव का माहौल पैदा कर दिया है.
जानिए क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत एक बोलेरो गाड़ी को साइड देने को लेकर हुई थी. गाड़ी में सवार मनीष तिवारी और मनी शुक्ला का कुछ लोगों से कहासुनी हो गई, जो धीरे-धीरे मारपीट में बदल गई. आरोप है कि इस झगड़े में कुछ लोग, जो भीम आर्मी से जुड़े बताए जा रहे हैं, उन्होंने दोनों युवकों के साथ मारपीट की.
इसके बाद स्थिति और बिगड़ गई. अपनी जान बचाने के लिए दोनों युवक पास के शुक्ला परिवार के घर में चले गए, लेकिन हमलावर वहां भी पहुंच गए. बताया गया है कि घर के अंदर घुसकर न सिर्फ दोनों युवकों बल्कि परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की गई. इस घटना में कुल 6 लोग घायल हो गए.
पुलिसा थाने में हुआ हड़कंप
हालात यहीं नहीं रुके. इसके बाद बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंच गए. करीब 50 से 60 लोगों की भीड़ ने थाने के अंदर घुसकर हंगामा किया. इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट भी हुई. थाना प्रभारी तक पर हमले की बात सामने आई है. भीड़ ने सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए, थाने का सामान तहस-नहस कर दिया और परिसर में खड़ी गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की.
घटना के बाद पूरे अमिलिया क्षेत्र में तनाव फैल गया. कई जगहों पर लोगों में डर का माहौल देखने को मिला और एहतियात के तौर पर बाजार बंद कर दिए गए. कुछ स्थानों पर पथराव की भी स्थिति बनी.
छावनी में बदला इलाका
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. अमिलिया, कमर्जी, बहरी और सिहावल क्षेत्रों से अतिरिक्त पुलिस फोर्स बुलाया गया है. साथ ही पड़ोसी जिलों रीवा और मऊगंज से भी सुरक्षा बल मंगाए गए हैं. पूरे इलाके को छावनी में बदल दिया गया है ताकि हालात पर काबू पाया जा सके.
सीधी के कलेक्टर विकास मिश्रा खुद मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने घायलों से मुलाकात की और प्रशासनिक कार्रवाई की समीक्षा की. पुलिस और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन इलाके में तनाव अभी भी बना हुआ है. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





