Bharat Express DD Free Dish

अरे, ये क्या हुआ…! चोर को बचाने पहुंची सिंगरौली पुलिस हो गई ट्रैप, हाथ-पैर बांधे और… जानें क्या है मामला?

Singrauli Police hostage case: मध्य प्रदेश के सिंगरौली में चोरी के शक में ग्रामीणों ने एक युवक को बंधक बना लिया. उसे छुड़ाने पहुंची पुलिस टीम पर कथित तौर पर हमला किया गया और दो जवानों को भी बंधक बना लिया गया.

Singrauli Police hostage case

मध्य प्रदेश में पुलिस को ही बनाया बंधक

Singrauli Police hostage case: सिंगरौली/शकील अहमद सिद्दीकी: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां मोटर पंप चोरी के शक में ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़कर बंधक बना लिया. जब पुलिस उसे छुड़ाने पहुंची तो ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों पर ही हमला कर दिया. इतना ही नहीं, पुलिस टीम के दो जवानों को भी बंधक बना लिया गया और उनका मोबाइल फोन छीन लिया गया. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल भेजा गया, जिसके बाद पुलिसकर्मियों और युवक को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका.

क्या है पूरा मामला?

मामला बैढ़न कोतवाली क्षेत्र की गोभा पुलिस चौकी के अंतर्गत आने वाले बारह पान गांव का है. बताया जा रहा है कि ग्रामीणों को शक था कि गांव में मोटर पंप की चोरी में युवक गुड्डू साकेत का हाथ है. इसी संदेह में ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की. युवक को सुबह से दोपहर तक बंधक बनाकर रखा गया.

पुलिस को भी बनाया गया बंधक

घटना की सूचना मिलने पर गोभा पुलिस चौकी से हेड कॉन्स्टेबल राममूर्ति मीणा और कॉन्स्टेबल इस्लाम अंसारी मौके पर पहुंचे. दोनों पुलिसकर्मी युवक को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान वहां मौजूद ग्रामीणों ने पुलिस टीम का विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया. आरोप है कि ग्रामीणों ने दोनों पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की और उन्हें भी बंधक बना लिया. इस दौरान उनका मोबाइल भी छीन लिया गया.

पुलिस को पुलिस ने बचाया

सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों ने अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा. भारी पुलिस फोर्स के पहुंचने के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया और बंधक बनाए गए दोनों पुलिसकर्मियों के साथ युवक गुड्डू साकेत को भी वहां से बाहर निकाला गया.


ये भी पढ़ें: मरे हुए इंसान ने पास की 2-2 परीक्षाएं! CID के कारनामे से गरमाई झारखंड की सियासत; मरांडी ने खोला मोर्चा


पुलिस ने घायल जवानों और युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा है. मामले में 15 नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. पुलिस ने पवन बैश, सुभग बैश और अजीत कुमार बैश को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों पर डकैती, मारपीट और बंधक बनाने समेत कई गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई है. घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बताया जा रहा है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read