Mukesh Ambani: मुंबई में उद्योगपति Mukesh Ambani और उनके बेटे Anant Ambani ने फिनलैंड के राष्ट्रपति Alexander Stubb का अपने घर पर गर्मजोशी से स्वागत किया. इस दौरान एक सौहार्दपूर्ण मुलाकात हुई, जिसमें आपसी मित्रता, विचार-विमर्श और साझा मूल्यों के जरिए भारत और फिनलैंड के रिश्तों को और मजबूत करने पर चर्चा हुई.
इससे पहले भारत के प्रधानमंत्री Narendra Modi ने गुरुवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब के साथ द्विपक्षीय बैठक की. इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-फिनलैंड संबंधों को और मजबूत करने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की. बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच कई समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर भी हस्ताक्षर किए गए.
बता दें कि, फिनलैंड के राष्ट्रपति Alexander Stubb इस वर्ष के Raisina Dialogue में मुख्य अतिथि के रूप में भारत आए हुए हैं. जहां उन्होंने पीएम मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की.

पीएम मोदी ने दोनों देशों की दोस्ती को सराहा
फिनलैंड के राष्ट्रपति Alexander Stubb के साथ बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और फिनलैंड के बीच बढ़ती साझेदारी व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग को नई दिशा देगी. उन्होंने राष्ट्रपति स्टब का भारत की पहली आधिकारिक यात्रा पर स्वागत करते हुए कहा कि उनका इस वर्ष के Raisina Dialogue में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना भारत के लिए गर्व और सम्मान की बात है.
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज के समय में दुनिया के कई हिस्सों- यूक्रेन से लेकर पश्चिम एशिया तक-संघर्ष की स्थिति बनी हुई है. ऐसे दौर में भारत और यूरोप के बीच संबंध एक नए और सकारात्मक चरण में प्रवेश कर रहे हैं.

दोनों देशों के बीच बढ़ रहा सहयोग- पीएम मोदी
मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच बढ़ता सहयोग विकास और साझा समृद्धि को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहा है. उन्होंने बताया कि 2026 की शुरुआत में हुआ ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) भारत और फिनलैंड के बीच व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग को और मजबूती देगा.
उन्होंने यह भी कहा कि डिजिटल तकनीक, इंफ्रास्ट्रक्चर और सस्टेनिबिलिटी जैसे क्षेत्रों में दोनों देश महत्वपूर्ण साझेदार हैं. फिनलैंड की कंपनी Nokia के मोबाइल फोन और टेलीकॉम नेटवर्क ने करोड़ों भारतीयों को जोड़ने में अहम भूमिका निभाई है. वहीं फिनलैंड के विशेषज्ञों के सहयोग से चिनाब नदी पर दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे ब्रिज बनाया गया है. इसके अलावा फिनलैंड की साझेदारी से असम के नुमालीगढ़ में दुनिया की सबसे बड़ी असम बायो एथेनॉल प्राइवेट लिमिटेड (एबीईपीएल) रिफाइनरी भी स्थापित की गई है.
रणनीतिक साझेदार के रूप में आगे बढ़े दोनों देश
प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति स्टब की इस यात्रा के दौरान भारत और फिनलैंड अपने संबंधों को एक रणनीतिक साझेदारी के रूप में आगे बढ़ा रहे हैं, जिसमें डिजिटलीकरण और स्थिरता पर विशेष जोर दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि यह साझेदारी एआई, 6जी टेलीकॉम, क्लीन एनर्जी और क्वांटम कंप्यूटिंग जैसे हाईटेक क्षेत्रों में सहयोग को नई गति देगी.
उन्होंने यह भी कहा कि बढ़ती वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं में सुधार जरूरी है और आतंकवाद के हर रूप को जड़ से समाप्त करना दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता है.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और फिनलैंड दोनों ही कानून के शासन, संवाद और कूटनीति में विश्वास रखते हैं. उन्होंने कहा कि केवल सैन्य संघर्ष से किसी भी समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है. यूक्रेन हो या पश्चिम एशिया, भारत शांति की स्थापना और संघर्ष के जल्द समाधान के हर प्रयास का समर्थन करता रहेगा.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



