Mumbai News: मुंबई के भायखला इलाके से एक बेहद डरावनी खबर सामने आई है. यहां एक ऊंची इमारत में लिफ्ट अचानक टूटकर नीचे गिर गई, जिसमें 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. यह हादसा गुरुवार रात करीब 10 बजे का है, जिसने पूरी बिल्डिंग के लोगों को दहशत में डाल दिया.
कैसे और कहां हुआ यह हादसा?
भायखला के घोडापदेव क्रॉस लेन नंबर एक पर स्थित ‘जय कृपा टॉवर’ में आम दिनों की तरह सब कुछ सामान्य चल रहा था. यह एक 18 मंजिला ऊंची इमारत है. चश्मदीदों के मुताबिक, रात के वक्त कुछ लोग लिफ्ट से नीचे आ रहे थे, तभी चौथी मंजिल पर पहुंचते ही अचानक लिफ्ट का केबल टूट गया. केबल टूटते ही लिफ्ट सीधे नीचे आ गिरी. बिल्डिंग के शांत माहौल में लिफ्ट गिरने की आवाज सुनकर लोग सहम गए और तुरंत मौके की तरफ भागे.
मौके पर मची अफरा-तफरी
हादसे के तुरंत बाद जय कृपा टॉवर में चीख-पुकार मच गई. लिफ्ट के अंदर फंसे लोग दर्द से कराह रहे थे. घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस, एम्बुलेंस और बीएमसी (BMC) का स्टाफ मौके पर पहुंच गया. रेस्क्यू टीम ने बड़ी मशक्कत के बाद लिफ्ट में फंसे पांचों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला. आनन-फानन में सभी को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.
ये भी पढ़ें- कानपुर लैंबोर्गिनी केस में बड़ा अपडेट!आरोपी शिवम मिश्रा को गिरफ्तार कर कोर्ट में किया पेश; वकील ने दी जमानत अर्जी
सुरक्षा पर उठे बड़े सवाल
शुरुआती जांच में यह बात सामने आ रही है कि लिफ्ट का केबल अचानक टूटने की वजह से यह बड़ा हादसा हुआ. हालांकि, अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या बिल्डिंग की लिफ्ट का मेंटेनेंस समय पर हो रहा था? 18 मंजिला इमारत में रहने वाले सैकड़ों लोगों की सुरक्षा आखिर किसके भरोसे है? मुंबई जैसे शहर में जहां ऊंची इमारतों की भरमार है, वहां लिफ्ट का इस तरह गिरना एक गंभीर चेतावनी है.
राहत और बचाव कार्य के बाद अब पुलिस और प्रशासन इस बात की बारीकी से जांच कर रहे हैं कि इस लापरवाही के पीछे असल वजह क्या है. फिलहाल, इलाके के लोग डरे हुए हैं और घायलों के जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



