Bharat Express DD Free Dish

मुंगेर इंजीनियरिंग कॉलेज में फूड पॉइजनिंग, दर्जनों छात्र-छात्राएं अस्पताल में भर्ती

Bihar News: मुंगेर इंजीनियरिंग कॉलेज में फूड पॉइजनिंग की आशंका से दर्जनों छात्र-छात्राओं और कर्मियों की तबीयत बिगड़ी.

Case of food poisoning at an engineering college

इंजीनियरिंग कॉलेज में फूड पॉइजनिंग का मामला

Bihar News: बिहार के मुंगेर इंजीनियरिंग कॉलेज में शुक्रवार को अचानक कई छात्र-छात्राओं और कर्मियों की तबीयत बिगड़ने से अफरा-तफरी मच गई. शाम होते-होते दर्जनों लोग पेट दर्द, उल्टी और सिरदर्द जैसी शिकायतों के साथ अस्पताल पहुंचने लगे.

एक साथ कई लोग बीमार

कॉलेज के अलग-अलग वार्ड में रहने वाले छात्रों और कर्मियों को दोपहर बाद अचानक स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें होने लगीं. जब एक साथ कई लोग बीमार पड़े तो प्रबंधन ने तुरंत एंबुलेंस की व्यवस्था कर उन्हें मुंगेर सदर अस्पताल भेजना शुरू किया. देर रात तक मरीजों का सिलसिला जारी रहा और इमरजेंसी वार्ड में भीड़ बढ़ गई.

अस्पताल में इलाज जारी

सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में तैनात डॉक्टर फैजुद्दीन ने बताया कि करीब 25 छात्रों का इलाज किया जा रहा है. अधिकांश मरीजों को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत थी. डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम लगातार सभी का इलाज कर रही है और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है.

घटना का कारण अभी साफ नहीं

घटना का कारण अभी साफ नहीं है, लेकिन कॉलेज परिसर में 17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा का आयोजन हुआ था. बताया जा रहा है कि पूजा के दौरान प्रसाद खाने वाले कई लोगों की तबीयत बिगड़ी. इसी वजह से प्रसाद को संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि कॉलेज प्रबंधन ने इसकी पुष्टि नहीं की है. असली वजह जांच के बाद ही सामने आएगी.

ये भी पढ़ें-बृजभूषण vs बाबा रामदेव: घी के बाद मिर्च पर घमासान, 50 करोड़ के केस के बाद भी नहीं झुके पूर्व सांसद

जांच के लिए टीम गठित

कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ. शंभू शंकर ने कहा कि शुक्रवार दोपहर से ही छात्रों और कर्मियों के बीमार होने की जानकारी मिली थी. इसके बाद सभी को तुरंत अस्पताल भेजा गया. उन्होंने बताया कि घटना की जांच के लिए टीम बनाई गई है और रिपोर्ट आने के बाद ही असली कारण पता चलेगा. फिलहाल कॉलेज परिसर सामान्य है और घबराहट में कुछ छात्रों को एहतियातन अस्पताल भेजा गया था.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read