पतंजलि पर बृजभूषण शरण सिंह का नया आरोप
Patanjali Controversy: कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह और बाबा रामदेव के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा बयान में बृजभूषण ने पतंजलि के घी के बाद अब मिर्च में मिलावट का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि मानहानि का नोटिस सिर्फ राजनीतिक चर्चा में बने रहने का तरीका है और वे इससे डरने वाले नहीं हैं.
50 करोड़ का मानहानि केस दर्ज
बाबा रामदेव की कंपनी ने बृजभूषण के खिलाफ 50 करोड़ रुपये का मानहानि केस दर्ज किया है. यह मामला पतंजलि के घी को नकली कहने से जुड़ा है. मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में 15 सितंबर को सुनवाई हुई थी, जिसमें बृजभूषण के वकील ने अतिरिक्त समय मांगा. अब अगली सुनवाई 18 सितंबर को होगी.
मानहानि केस पर बृजभूषण सिंह ने क्या कहा?
बृजभूषण ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अगर अदालत उन्हें सजा सुनाती है और जेल भेजती है, तो वे जमानत नहीं करवाएंगे. उनका कहना है कि यह कदम देशहित में होगा और इससे नकली खाद्य पदार्थों के खिलाफ जागरूकता बढ़ेगी.
मिलावटी खाने पर जताई चिंता
उन्होंने नकली मिठाई, मावा, खोया, दही और तेल की बिक्री पर चिंता जताई. साथ ही पतंजलि के घी की कीमतों को लेकर भी टिप्पणी की और कहा कि इसका उत्पादन सीमित है, जिसकी कीमत पहले दो हजार रुपये थी और अब इसे तीन हजार रुपये से ऊपर ले जाने की योजना है.
क्या है पुराना विवाद?
बाबा रामदेव और बृजभूषण के बीच विवाद नया नहीं है. पिछले साल भी उन्होंने पतंजलि के घी को नकली बताया था और लोगों से गाय-भैंस पालने की अपील की थी. 2025 में पिथौरागढ़ में खाद्य सुरक्षा विभाग ने पतंजलि पर जुर्माना लगाया था क्योंकि घी मानकों पर खरा नहीं उतरा था. इस तरह दोनों के बीच टकराव लंबे समय से जारी है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

