Narottam Mishra
Datia bypoll: मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी के उम्मीदवार बदलने के फैसले ने सियासी हलचल तेज कर दी है. पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद उनके समर्थकों का विरोध सामने आया, लेकिन अब खुद नरोत्तम मिश्रा ने पहली बार चुप्पी तोड़ी है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से भावुक होने के बजाय संयम बरतने की अपील करते हुए साफ कहा है कि कोई भी ऐसा काम न करे, जिससे पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचे.
दतिया टिकट कटने के बाद डॉ नरोत्तम मिश्रा का पहला बयान
कार्यकर्ताओं को बताया क्या कहना है?
पार्टी के लिए भी गुप्त संदेशNarottam Mishra Datia pic.twitter.com/apiaCFkXp5
— Cockroach Janta Party Ka Bap (@ShyamDatt_C) July 11, 2026
नरोत्तम मिश्रा ने कहा, “मैंने कल भी विस्तार से कहा था, आज भी कह रहा हूं. यह पार्टी का निर्णय है. मैं आपके माध्यम से सभी कार्यकर्ताओं से निवेदन करूंगा. अभी मुझे जो विजुअल फुटेज और सोशल मीडिया से मिला है… पेट्रोल डालते हुए, मिट्टी का तेल डालते हुए… ऐसा कोई कार्य न करें. पार्टी के फोरम पर अपने तरीके से अपनी बात कही जाती है. इस तरह से व्यक्त नहीं की जाती है.”
क्यों नाराज हैं समर्थक?
बीजेपी ने शुक्रवार को दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया. नरोत्तम मिश्रा और उनके समर्थकों को उम्मीद थी कि पार्टी इस बार भी उन पर भरोसा जताएगी. इसी भरोसे के चलते उन्होंने नामांकन फॉर्म भी खरीद लिया था.
उम्मीदवार की घोषणा होते ही नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने विरोध शुरू कर दिया. कई कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए, कुछ ने शर्ट उतारकर प्रदर्शन किया और पार्टी छोड़ने तक की चेतावनी दी. वहीं, टिकट मिलने के बाद आशुतोष तिवारी ने कहा कि नरोत्तम मिश्रा उनके अभिभावक जैसे हैं और उन्होंने चुनाव प्रचार में उनका साथ देने का भरोसा भी दिया है.
ये भी पढ़ें: टिकट नहीं मिलने पर भड़के नरोत्तम मिश्रा के समर्थक, पुलिस पर पथराव; दतिया में 15KM लंबा जाम
दतिया में उपचुनाव क्यों हो रहा है?
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 में कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को 7,500 से ज्यादा वोटों से हराकर दतिया सीट जीती थी. लेकिन अप्रैल 2026 में दिल्ली की एक अदालत ने धोखाधड़ी के एक मामले में राजेंद्र भारती को तीन साल की सजा सुनाई. सजा के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता खत्म हो गई, जिससे दतिया सीट खाली हो गई. इसी वजह से यहां उपचुनाव कराया जा रहा है. इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

