Bharat Express DD Free Dish

टिकट नहीं मिलने पर भड़के नरोत्तम मिश्रा के समर्थक, पुलिस पर पथराव; दतिया में 15KM लंबा जाम

Narottam Mishra: दतिया उपचुनाव में बीजेपी ने आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया, जिसके बाद नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया. NH-44 पर 15 किमी लंबा जाम लगा और पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हुए.

Narottam Mishra

Datia Bypoll: शुक्रवार (10 जुलाई) को मध्य प्रदेश में सत्ताधारी बीजेपी की एक घोषणा के बाद भारी बवाल मच गया. बीजेपी (BJP) ने दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवार का ऐलान किया, जिसके बाद पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा (Narottam Mishra) को टिकट नहीं मिलने से उनके समर्थकों में भारी आक्रोश देखने को मिला. इसके चलते शुक्रवार रात से समर्थकों ने नेशनल हाईवे-44 (NH-44) को पूरी तरह जाम कर दिया.

15KM तक लगा जाम

न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार, दतिया के एसपी मयूर खंडेलवाल ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 6 बजे से 3,000 से अधिक लोग शहर में प्रदर्शन कर रहे थे. प्रदर्शनकारियों ने बाजार बंद कराए और नेशनल हाईवे पर चक्का जाम कर दिया, जिससे करीब 15 किलोमीटर लंबा जाम लग गया और आसपास के जिलों का यातायात भी प्रभावित हुआ.

एसपी और कलेक्टर ने कई बार प्रदर्शनकारियों से रास्ता खाली करने की अपील की, लेकिन उन्होंने बात नहीं मानी. इसके बाद तड़के करीब 4 बजे हालात बिगड़ गए और प्रदर्शनकारियों ने पुलिस टीम पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए, जिसमें एसपी समेत 6 पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए.

एसपी मयूर ने बताया कि, “माहौल बिगड़ता देख पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, जिसके बाद पथराव और तेज हो गया. इस हमले में मुझे, एडिशनल एसपी और हमारे 6 से अधिक जवानों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इसके बाद पुलिस ने सख्ती बरतते हुए दोबारा आंसू गैस का इस्तेमाल किया और बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ा. कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है और बाकियों को सरेंडर करने की चेतावनी दी गई है.”

क्यों नाराज हैं समर्थक?

बीजेपी ने शुक्रवार को दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी (Datia BJP Candidate) को उम्मीदवार बनाया. नरोत्तम मिश्रा और उनके समर्थकों को उम्मीद थी कि पार्टी इस बार भी उन पर भरोसा जताएगी. इसी भरोसे के चलते उन्होंने नामांकन फॉर्म भी खरीद लिया था.

उम्मीदवार की घोषणा होते ही नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने विरोध शुरू कर दिया. कई कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए, कुछ ने शर्ट उतारकर प्रदर्शन किया और पार्टी छोड़ने तक की चेतावनी दी. वहीं, टिकट मिलने के बाद आशुतोष तिवारी ने कहा कि नरोत्तम मिश्रा उनके अभिभावक जैसे हैं और उन्होंने चुनाव प्रचार में उनका साथ देने का भरोसा भी दिया है.


ये भी पढ़ें: बीजेपी ने पीके के ‘सीक्रेट प्लान’ पर फेरा पानी; जानें आखिर क्यों बांकीपुर से अभिषेक की जगह नीरज सिन्हा पर खेला दांव


दतिया में उपचुनाव क्यों हो रहा है?

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 में कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को 7,500 से ज्यादा वोटों से हराकर दतिया सीट जीती थी. लेकिन अप्रैल 2026 में दिल्ली की एक अदालत ने धोखाधड़ी के एक मामले में राजेंद्र भारती को तीन साल की सजा सुनाई. सजा के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता खत्म हो गई, जिससे दतिया सीट खाली हो गई. इसी वजह से यहां उपचुनाव कराया जा रहा है. इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे.

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read