Bharat Express DD Free Dish

टीसीएस धर्मांतरण और शोषण मामला: फ्लैट में परिवार संग छिपी निदा खान गिरफ्तार, संभाजीनगर में घेराबंदी कर दबोचा

नासिक के सनसनीखेज TCS मामले में फरार आरोपी निदा खान को छत्रपति संभाजीनगर से गिरफ्तार कर लिया गया है. निदा पिछले 25 मार्च से पुलिस को छका रही थी और अपने परिवार के साथ एक फ्लैट में छिपी हुई थी.

Nashik TCS Case Absconding accused Nida Khan arrested from Chhatrapati Sambhajinagar

नासिक के बहुचर्चित TCS (The Counseling Squad) मामले में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है. लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रही मुख्य आरोपियों में से एक, निदा खान को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है. निदा पिछले 25 मार्च से फरार चल रही थी और पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी. लेकिन अंत में नासिक क्राइम ब्रांच और छत्रपति संभाजीनगर पुलिस के एक संयुक्त ऑपरेशन ने उसे धर दबोचा.

पूरे परिवार के साथ छिपी थी निदा

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि निदा खान छत्रपति संभाजीनगर के नारेगांव स्थित कैसर कॉलोनी के एक फ्लैट में छिपी हुई है. जब पुलिस ने वहां धावा बोला, तो नजारा चौंकाने वाला था. निदा वहां अकेले नहीं, बल्कि अपने पूरे परिवार के साथ रह रही थी. गिरफ्तारी के वक्त फ्लैट में उसके साथ उसकी मां, पिता, भाई और मौसी भी मौजूद थे. ऐसा लग रहा था मानो पूरा परिवार कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए एक साथ ‘अंडरग्राउंड’ हो गया था.

अदालत ने राहत देने से किया इंकार

निदा खान ने गिरफ्तारी से बचने के लिए कानूनी दांव-पेच का भी सहारा लिया था. उसने स्थानीय कोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की थी, जिसे अदालत ने पहले ही खारिज कर दिया था. इसके बाद उसने अंतरिम सुरक्षा की भी मांग की थी, लेकिन 20 अप्रैल को कोर्ट ने उसे किसी भी तरह की राहत देने से इनकार कर दिया. विशेष जांच दल (SIT) ने अदालत में निदा के खिलाफ पुख्ता सबूत और जांच रिपोर्ट पेश की थी, जिसके आधार पर उसकी जमानत का कड़ा विरोध किया गया था.

क्या है ये TCS मामला?

बता दें कि ये मामला काफी गंभीर है. नासिक की ‘द काउंसलिंग स्क्वाड’ (TCS) संस्था पर जबरन धर्मांतरण, युवतियों के यौन शोषण और गंभीर मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगे हैं. इस मामले की गंभीरता को देखते हुए अब तक कुल 9 FIR दर्ज की जा चुकी हैं. इनमें से एक मामला देवलाली कैंप पुलिस स्टेशन में और बाकी मुंबई नाका पुलिस स्टेशन में दर्ज हैं.

इस मामले के मुख्य आरोपी सैफी शेख और रजा मेमन बताए जा रहे हैं. निदा खान की गिरफ्तारी से पहले पुलिस 5 और लोगों को जेल भेज चुकी है. पुलिस का मानना है कि निदा से पूछताछ के बाद इस रैकेट के और भी कई काले राज खुल सकते हैं.

ये भी पढ़ें: नक्सलवाद के अंत की उल्टी गिनती शुरू! बस्तर आ रहे अमित शाह, 4 राज्यों के सीएम के साथ बनेगा बड़ा प्लान

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read