नवरात्रि के तीसरे दिन पीएम मोदी ने मां चंद्रघंटा की स्तुति कर देशवासियों के शांति और समृद्धि की कामना की
Navratri Day 3: नवरात्रि के पावन पर्व पर देशभर में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना की जा रही है. इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवरात्रि के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा को नमन किया और देशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक संदेश साझा करते हुए देवी की स्तुति की. इसके साथ ही उन्होंने मां दुर्गा को समर्पित भजन ‘छोट्टानिक्कारा भगवती’ का यूट्यूब लिंक भी साझा किया.
प्रधानमंत्री का यह संदेश नवरात्रि के धार्मिक महत्व और मां चंद्रघंटा के प्रति श्रद्धा को दर्शाता है. इस दिन मंदिरों में विशेष पूजा होती है और भक्त मां की आराधना कर परिवार की खुशहाली, सफलता और सुख-समृद्धि की प्रार्थना करते हैं.
पीएम मोदी ने एक्स पर क्या लिखा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में मां चंद्रघंटा को साहस, शांति और दिव्य शक्ति की देवी बताया. उन्होंने लिखा, “नवरात्रि में आज साहस, शांति और दिव्य शक्ति की देवी मां चंद्रघंटा की करबद्ध वंदना! उनकी कृपा से सबका कल्याण हो. सभी का जीवन सुख-सौभाग्य एवं सफलता से सदैव परिपूर्ण रहे, यही मंगलकामना है.”
नवरात्रि में आज साहस, शांति और दिव्य शक्ति की देवी मां चंद्रघंटा की करबद्ध वंदना! उनकी कृपा से सबका कल्याण हो। सभी का जीवन सुख-सौभाग्य एवं सफलता से सदैव परिपूर्ण रहे, यही मंगलकामना है।
https://t.co/kvNaBwkXQZ
— Narendra Modi (@narendramodi) October 13, 2026
इस संदेश के साथ पीएम मोदी ने ‘छोट्टानिक्कारा भगवती’ भजन का लिंक भी साझा किया. नवरात्रि के दौरान देवी के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है. तीसरे दिन मां चंद्रघंटा की आराधना की जाती है, जिन्हें साहस, शौर्य और शांति का प्रतीक माना गया है.
मां चंद्रघंटा का स्वरूप क्यों है खास?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां दुर्गा के तीसरे स्वरूप मां चंद्रघंटा के माथे पर घंटे के आकार का अर्धचंद्र सुशोभित रहता है. इसी वजह से उन्हें चंद्रघंटा कहा जाता है. देवी के दस हाथ बताए गए हैं, जिनमें विभिन्न अस्त्र-शस्त्र होते हैं. उनका वाहन सिंह है.
मान्यता है कि मां चंद्रघंटा की आराधना से भक्तों में साहस और आत्मविश्वास बढ़ता है. देवी का यह स्वरूप बुरी शक्तियों के नाश और भक्तों की रक्षा से जुड़ा है. उनके घंटे की ध्वनि को नकारात्मक शक्तियों को दूर करने वाला माना जाता है.
मां को क्या चढ़ाएं और किस मंत्र का करें जाप?
नवरात्रि के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा को लाल फूल, खासकर गुड़हल अर्पित करना शुभ माना जाता है. भक्त दूध, खीर और दूध से बनी मिठाइयों का भोग भी लगाते हैं. पूजा के दौरान लाल, सफेद, पीले या सुनहरे रंग के कपड़े पहनने की परंपरा भी प्रचलित है.
मां चंद्रघंटा की पूजा में इस मंत्र का जाप किया जाता है: “पिण्डजप्रवरारूढा, चण्डकोपास्त्रकैर्युता. प्रसादं तनुते मह्यं, चन्द्रघण्टेति विश्रुता॥”
ये भी पढ़ें:दिल्ली में आज भी जाम का झाम: प्रोटेस्ट के चलते बंद रहेंगे ये रास्ते, क्या है आज की ट्रैफिक एडवाइजरी?
इसका भावार्थ है कि श्रेष्ठ सिंह पर विराजमान, अस्त्र-शस्त्र धारण करने वाली और चंद्रघंटा नाम से प्रसिद्ध मां दुर्गा अपने भक्तों पर कृपा बरसाएं. नवरात्रि के इस पावन अवसर पर श्रद्धालु मां से परिवार की खुशहाली, जीवन में शांति और हर कार्य में सफलता की प्रार्थना कर रहे हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



