Nawada Dowry Death: अमन/नवादा: बिहार के नवादा जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, जहां दहेज के लालच में एक 30 वर्षीय विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी गई. मामला रजौली प्रखंड के डुमरकोल गांव का है, जहां खुशबू कुमारी नाम की महिला की मौत के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. इस दुखद घटना ने न केवल एक परिवार को उजाड़ दिया, बल्कि एक डेढ़ साल की मासूम बच्ची को भी अपनी मां की ममता से हमेशा के लिए वंचित कर दिया है.
शादी के बाद से ही मिल रही थी प्रताड़ना
मृतका खुशबू कुमारी की शादी साल 2023 में गया जिले के टनकूपा में हुई थी. खुशबू के परिजनों का आरोप है कि निकाह के कुछ समय बाद से ही ससुराल वाले उसे दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे थे. विवाद इतना बढ़ गया कि रविवार की देर शाम पति-पत्नी के बीच हुई कहासुनी के बाद खुशबू की बेरहमी से हत्या कर दी गई.
‘मुझे बचा लो, ये लोग मार डालेंगे’
मृतका के भाई साहिल कुमार ने जो आपबीती सुनाई, वह रोंगटे खड़े कर देने वाली है. साहिल के अनुसार, रविवार रात करीब 10 बजे खुशबू ने फोन किया था और वह फूट-फूट कर रो रही थी. उसने घबराहट में अपने भाई से 5 हजार रुपये मांगे और अपनी जान को खतरा बताया था. लेकिन भाई की मदद पहुंचने से पहले ही कुछ घंटों बाद खुशबू की मौत की खबर आ गई.
पति समेत 5 लोगों पर केस दर्ज
रजौली थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि इस मामले में मृतका के भाई के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. आरोपियों में खुशबू के पति रोहित कुमार, उसके ससुर सरयू सिंह, सास, ननद और देवर शामिल हैं. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है. घटना के बाद से ही सभी आरोपी अपने घर से फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
ये भी पढ़ें: भवानीपुर में ‘खेला’ हो गया! 20वें राउंड की गिनती के बाद ममता की बड़ी हार; शुभेंदु अधिकारी ने दी करारी शिकस्त
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

