Nawada Crime: अमन/नवादा: बिहार के नवादा जिले के धनारजय नदी किनारे बालू में दबा एक विवाहिता का शव बरामद हुआ है. इस खौफनाक मर्डर मिस्ट्री का खुलासा तब हुआ जब कुछ कुत्तों ने बालू को खोदना शुरू किया. शव मिलने के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतका की पहचान अकबरपुर थाना क्षेत्र के धोबघटी गांव की रहने वाली प्रमिला देवी के रूप में हुई है. मायके वालों ने प्रमिला के पति शंकर कुमार समेत ससुराल के चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है.
कुत्तों के भौंकने ने खोला राज
यह मामला नवादा जिले के सिरदला थाना क्षेत्र का है. स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, कुछ लोग सुबह शौच के लिए नदी की तरफ गए थे. तभी उन्होंने देखा कि आवारा कुत्ते एक जगह पर बालू नोच रहे हैं और आपस में लड़ रहे हैं. जब लोग शक होने पर पास पहुंचे, तो उनके होश उड़ गए. बालू के नीचे से एक महिला का चेहरा दिखाई दे रहा था और वहां से भारी दुर्गंध आ रही थी. ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना सिरदला पुलिस को दी.
4 दिन पुराना था शव
मामले की जानकारी मिलते ही सिरदला और अकबरपुर पुलिस के साथ रजौली के एसडीपीओ गुलशन कुमार मौके पर पहुंचे. साक्ष्य जुटाने के लिए नवादा से फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया. शव को बालू से बाहर निकाला गया, जो करीब चार दिन पुराना लग रहा था और सड़ने लगा था.
जानकारी के अनुसार मृतका के माता-पिता औरंगाबाद के निवासी हैं. उन्होंने बताया कि प्रमिला की शादी 10 साल पहले शंकर से हुई थी और उनका 6 साल का एक बेटा भी है. आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे प्रताड़ित किया जा रहा था. बीती 2 जुलाई को विवाद की खबर पाकर जब मायके वाले प्रमिला के घर पहुंचे, तो वहां ताला लटका था लेकिन अंदर पंखा चल रहा था.
इसके बाद 4 जुलाई को थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, और अब नदी किनारे से उसकी लाश मिली है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में चार राज्यों से हटाए गए 22 लाख नाम, विपक्ष ने उठाए सवाल
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




