Bharat Express DD Free Dish

नवादा में सिलेंडर लीकेज ने मचाई तबाही: नवीन नगर में घर के अंदर लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

बिहार के नवादा में एक बड़ा हादसा होते-होते बचा. नवीन नगर मोहल्ले में गैस रिसाव की वजह से एक घर में आग लग गई. स्थानीय लोगों और दमकल विभाग ने मिलकर आग पर काबू पाया.

Gas Cylinder Leakage Fire Navin Nagar Nawada

Gas Leakage Fire: अमन/नवादा: बिहार के नवादा से एक डरा देने वाली खबर सामने आई है. शहर के रिहायशी इलाके नवीन नगर में शुक्रवार को एक मकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. यह हादसा सिलेंडर से गैस रिसाव (लीकेज) की वजह से हुआ, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया. इस घटना में घर में रखा लाखों रुपये का कीमती सामान जलकर राख हो गया है. राहत की बात यह रही कि स्थानीय लोगों की बहादुरी और फायर ब्रिगेड की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया.

खाना बनाने के दौरान भभकी आग

जानकारी के अनुसार, नवीन नगर मोहल्ले के निवासी अरविंद कुमार सिंह के घर में रोजाना की तरह कामकाज चल रहा था. तभी अचानक किचन में रखे गैस सिलेंडर से रिसाव शुरू हो गया. परिवार के सदस्य कुछ समझ पाते, उससे पहले ही गैस ने आग पकड़ ली और लपटें घर के दूसरे हिस्सों तक फैलने लगीं. आग को देखकर घर के लोग बुरी तरह डर गए और शोर मचाते हुए बाहर की ओर भागे.

चूंकि ये इलाका काफी घनी आबादी वाला है, इसलिए आग की लपटें और धुआं उठते देख आसपास के पड़ोसियों में भी दहशत फैल गई. लोगों को सबसे बड़ा डर इस बात का था कि कहीं सिलेंडर फट न जाए, क्योंकि अगर ऐसा होता तो आसपास के घरों को भी भारी नुकसान पहुंच सकता था.

मोहल्ले वालों ने दिखाई बहादुरी

मुसीबत के इस वक्त में नवीन नगर के निवासियों ने गजब की एकजुटता और हिम्मत दिखाई. फायर ब्रिगेड को सूचना देने के साथ ही मोहल्ले के युवा और बुजुर्ग खुद ही बाल्टियों में पानी लेकर आग बुझाने में जुट गए. स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर आग को फैलने से रोकने की कोशिश की. सूचना मिलते ही दमकल की टीम भी मौके पर पहुंच गई. काफी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पाया गया.

सब जलकर हुआ राख

आग इतनी भीषण थी कि घर में रखा फर्नीचर, कपड़े, अनाज और नकद समेत लाखों की संपत्ति जलकर बर्बाद हो गई है. घर के अंदर अब सिर्फ काली दीवारें और राख ही बची है. फिलहाल प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि सिलेंडर में लीकेज की असल वजह क्या थी और नुकसान का सटीक आंकलन किया जा रहा है.

ये भी पढ़ें: खाकी के दो सितारे बनेंगे हमसफर! IPS के.के. बिश्नोई की शादी की रस्में आज से शुरू; बाड़मेर में हल्दी-संगीत, जोधपुर के रिसॉर्ट में होगा भव्य रिसेप्शन!

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read