Bharat Express DD Free Dish

NDA की मंगल बैठक! पीएम मोदी के साथ सांसदों की खास बातचीत, मीटिंग में क्या-क्या हुआ?

PM Modi NDA Meeting: मानसून सत्र के बीच पीएम मोदी के साथ NDA सांसदों की ‘मंगल मिलन’ बैठक हुई. झारखंड छात्र प्रदर्शन, विपक्ष और संसद को लेकर क्या चर्चा हुई.

PM Modi NDA Meeting: संसद के मानसून सत्र के बीच मंगलवार को NDA सांसदों की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ‘मंगल मिलन’ बैठक हुई. बैठक की शुरुआत ‘वंदे मातरम्’ के नारों से हुई. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन समेत NDA के कई नेता हाथों में तिरंगा लिए नजर आए. सांसदों ने एकजुटता का संदेश देते हुए सरकार के कामकाज और विपक्ष की रणनीति पर भी चर्चा की.

बैठक के बाद NDA सांसद संसद में अलग-अलग मुद्दों को लेकर पोस्टर के साथ नजर आए हैं. इनमें छात्रों के प्रदर्शन और उससे जुड़े मामलों को लेकर सरकार का पक्ष रखा गया. सांसदों का आरोप है कि सरकार छात्रों से जुड़े मुद्दों पर संसद में चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन कांग्रेस इस चर्चा से बच रही है.

झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन का मुद्दा भी उठेगा

NDA सांसद झारखंड सरकार को लेकर भी पोस्टर लेकर सदन में पहुंचेंगे. इनमें राज्य में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ कथित कार्रवाई और अत्याचार का मुद्दा उठाया जाएगा. सत्ता पक्ष की कोशिश है कि इन मुद्दों के जरिए संसद में विपक्ष को घेरा जाए और सरकार का पक्ष मजबूती से रखा जाए.

यह पहली बार नहीं है जब ‘मंगल मिलन’ बैठक में सरकार की उपलब्धियों और संसद की रणनीति पर चर्चा हुई हो. पिछले सप्ताह हुई बैठक के बाद भाजपा सांसदों ने रोजगार, आर्थिक विकास, खेल और सरकार की विभिन्न योजनाओं को लेकर अपनी बात रखी थी. साथ ही विपक्ष पर सदन की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया था.

भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा था कि भारत तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है. उनके मुताबिक रोजगार के मोर्चे पर देश की स्थिति पहले से बेहतर हुई है और बेरोजगारी में भी कमी आई है. उन्होंने यह भी दावा किया कि 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं.

विकास और संसद की कार्यवाही पर जोर

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने बैठक में विकास कार्यों और सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की बात कही थी. उनका आरोप था कि विपक्ष के हंगामे के कारण जरूरी मुद्दों पर संसद में बहस नहीं हो पा रही है. उन्होंने कहा कि NDA सांसद सदन की कार्यवाही के दौरान अपनी मौजूदगी सुनिश्चित करेंगे, ताकि जरूरी विधेयकों को पारित कराया जा सके.


ये भी पढ़ें: सड़कों पर आग, जलते टायर और सन्नाटा…!’ छात्रों पर लाठीचार्ज के बाद झारखंड बंद, जानें रांची का हाल


राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल ने खेलों में भारत की बढ़ती उपलब्धियों का जिक्र किया. वहीं रवि किशन ने आर्थिक विकास, GDP, रोजगार और युवाओं के लिए बढ़ते अवसरों को बैठक के प्रमुख मुद्दों में बताया. उन्होंने विपक्ष से सवाल किया कि संसद की कार्यवाही बाधित करने से आखिर जनता के हित में क्या हासिल होगा.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read