Bharat Express DD Free Dish

NDRF की वर्दी पर चमकेगा ‘निशान’; गृह मंत्री ने आपदा नायकों के समर्पण को किया सलाम

गाजियाबाद में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने NDRF को देश के सर्वोच्च सम्मान ‘प्रेसिडेंट्स कलर अवार्ड’ से नवाजा. ये सम्मान बल की असाधारण सेवा और समर्पण का प्रतीक है. इससे पहले असम, हरियाणा और छत्तीसगढ़ पुलिस को भी यह गौरव मिल चुका है.

NDRF Honored with President's Colour Amit Shah Salutes Heroes in Ghaziabad

जब भी कहीं बाढ़ आती है, भूकंप आता है या कोई बड़ा हादसा होता है, तो नारंगी वर्दी में कुछ चेहरे देवदूत बनकर सामने आते हैं. ये हमारे NDRF (नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स) के जवान हैं. गुरुवार को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में इन जांबाज नायकों के सम्मान में एक बेहद खास मौका आया. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने NDRF को देश के सर्वोच्च सैन्य सम्मानों में से एक- ‘प्रेसिडेंट्स कलर अवार्ड’ (President’s Colour Award) से सम्मानित किया.

केवल एक पुरस्कार नहीं

समारोह के दौरान जब अमित शाह ने औपचारिक परेड की सलामी ली, तो वहां मौजूद हर शख्स का सीना गर्व से चौड़ा हो गया. ये सम्मान केवल एक पुरस्कार नहीं है, बल्कि उन हजारों जिंदगियों की दुआ है जिन्हें इन जवानों ने अपनी जान पर खेलकर बचाया है.

क्या होता है ‘प्रेसिडेंट्स कलर’?

आम भाषा में समझें तो ‘प्रेसिडेंट्स कलर’ जिसे ‘निशान’ भी कहा जाता है, किसी भी सैन्य या अर्धसैनिक बल को मिलने वाला सबसे बड़ा सम्मान है. ये राष्ट्र के प्रति उस बल की असाधारण सेवा, अटूट समर्पण और उपलब्धियों का प्रतीक है. अब NDRF के सभी अधिकारी अपनी वर्दी की बाईं आस्तीन पर गर्व से इस प्रतीक चिन्ह को पहन सकेंगे.

अमित शाह ने सराहा NDRF का जज्बा

परेड का निरीक्षण करने के बाद अमित शाह ने आपदा राहत और बचाव कार्यों में NDRF की भूमिका की जमकर तारीफ की. चाहे वो प्राकृतिक आपदाएं हों या औद्योगिक दुर्घटनाएं, NDRF ने हर मुश्किल घड़ी में भारत ही नहीं बल्कि विदेशों में भी मानवीय सहायता पहुंचाकर अपनी एक अलग पहचान बनाई है. गृह मंत्री ने कहा कि यह सम्मान इस बल के हर उस जवान के नाम है जो अपनी परवाह किए बिना दूसरों की मदद के लिए दौड़ पड़ता है.

इन राज्यों की पुलिस को भी मिला गौरव

हाल के वर्षों में अमित शाह ने राष्ट्रपति की ओर से कई सुरक्षा बलों को ये सम्मान सौंपा है.

  • असम पुलिस: 10 मई, 2022 को गुवाहाटी में ये सम्मान मिला.
  • हरियाणा पुलिस: 14 फरवरी, 2023 को करनाल में सम्मानित किया गया.
  • छत्तीसगढ़ पुलिस: दिसंबर 2024 में रायपुर में अपनी 25 वर्षों की सेवा के लिए यह प्रतिष्ठित पुरस्कार हासिल किया.

गाजियाबाद में आयोजित इस कार्यक्रम में NDRF के कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे. ये दिन न केवल NDRF के लिए, बल्कि सभी भारतीयों के लिए गौरव का क्षण है.

ये भी पढ़ें: बकरीद से पहले बंगाल सरकार का फरमान, कुर्बानी के लिए लागू किए ये सख्त नियम

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read