Arvind Kejriwal on Jantar Mantar Protest: मनीष सिसोदिया ने रविवार को सभी राजनितिक दलों से जंतर-मंतर से संसद तक निकाले गए सीजेपी के मार्च में शामिल होने का अपील की थी . जिसके बाद अब अरविंद केजरीवाल ने भी अपने एक्स पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए सरकार से आग्रह किया कि वे अपने अहंकार को छोड़कर युवाओं की बात सुनें.
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने युवाओं पर लाठीचार्ज करने के बजाय सोमवार को उनकी आवाज सुनने की केंद्र सरकार से अपील की है. उन्होंने यह अपील उस समय की जब सीजेपी ने अपने प्रदर्शन के दौरान हजारों प्रदर्शनकारियों के साथ केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर संसद तक मार्च को करने की कोशिश की.
केजरीवाल ने केंद्र से वीडियो के जरिये अपील की
अरविंद केजरीवाल ने अपने एक्स पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए सरकार से आग्रह किया कि वे अपने अहंकार को छोड़कर युवाओं की बात सुनें.
उन्होंने यह भी कहा कि, ‘देशभर से लाखों युवा जंतर-मंतर पर जमा हुए हैं. उनकी बात को सुनने के बजाय सरकार उनपर लाठी चार्ज करने का आदेश दे रही है. आपने उस इलाके का इंटरनेट बंद कर दिया है. उन्हें संसद की ओर जाने से रोका जा रहा रहा है. ये सही नहीं है.’ आगे उन्होंने कहा कि ‘मैं सरकार से अपील करता हूं कि ये हमारे ही देश के बच्चें हैं, जो न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर निकले हैं और आप उनपर लाठीचार्ज करते हैं. अपना अहंकार छोड़िए और उनकी बात सुनिए.’
वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी एक वीडियो के जरिए केंद्र से प्रदर्शनकारियों की मांगों पर ध्यान देने की अपील की है.
आम आदमी पार्टी के कई नेता प्रदर्शन में शामिल हुए
बता दें कि, इसके पहले आम आदमी पार्टी के कई नेता एकजुटता जताने के लिए सीजेपी के प्रदर्शन में भाग लिए. जिसमें, दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया समेत राज्यसभा सदस्य संजय सिंह भी शामिल रहे.
हजारों प्रदर्शनकारी मध्य दिल्ली में सोमवार को इकट्ठा हुए और संसद की ओर मार्च करने की कोशिश की. लेकिन उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू के गोलों का सहारा लिया. नीट पेपर लीक और परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में शुरू किया गया ये आंदोलन सोनम वांगचुक के आमरण अनशन के बाद से और भी तेज हो गया है.
मनीष सिसोदिया ने नेताओं से मार्च में शामिल होने का अनुरोध किया
आपको बता दें कि, रविवार को मनीष सिसोदिया ने सभी राजनीतिक दलों से 20 जुलाई को जंतर-मंतर से संसद तक निकाले गए मार्च में शामिल होने का अनुरोध किया था. साथ ही उन्होंने नीट पेपर लीक और परीक्षा में अनियमितताओं के मुद्दे पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करने का भी अनुरोध किया था.
यह भी पढ़ें- ‘छात्रों पर लाठीचार्ज…’, जंतर-मंतर के प्रदर्शन से लेकर राज्यसभा तक, खड़गे ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
