Bharat Express DD Free Dish

नए साल पर महंगाई का झटका, कॉमर्शियल LPG सिलेंडर हुआ महंगा

LPG Cylinder Price Hike: साल 2026 की पहली तारीख पर ऑयल कंपनियों ने कॉमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतें बढ़ा दीं. दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में 19 किलो वाले सिलेंडर पर 111 रुपये तक का इजाफा हुआ है.

LPG Cylinder Price Hike: साल 2026 की शुरुआत के साथ ही लोगों को महंगाई का बड़ा झटका लगा है. ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने कॉमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में इजाफा कर दिया है. दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई समेत देशभर में एक जनवरी से नए रेट लागू हो गए हैं. इस बार 19 किलो वाले कॉमर्शियल सिलेंडर पर 111 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है. हालांकि, घरेलू 14 किलो वाले सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है.

बड़े शहरों में नए रेट

दिल्ली में अब तक 1580.50 रुपये का मिलने वाला 19 किलो वाला सिलेंडर अब 1691.50 रुपये का हो गया है. कोलकाता में इसकी कीमत 1684 रुपये से बढ़कर 1795 रुपये हो गई है. मुंबई में 1531.50 रुपये वाला सिलेंडर अब 1642.50 रुपये में मिलेगा. वहीं चेन्नई में 1739.50 रुपये का सिलेंडर अब 1849.50 रुपये का हो गया है.

दिसंबर और नवंबर में मिली थी राहत

दिलचस्प बात यह है कि दिसंबर 2025 की शुरुआत में ही कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम घटाए गए थे. दिल्ली और कोलकाता में 10 रुपये, जबकि मुंबई और चेन्नई में 11 रुपये की कटौती की गई थी. इससे पहले नवंबर 2025 में भी कीमतों में कमी आई थी. उस समय दिल्ली में सिलेंडर 1595.50 रुपये से घटकर 1590 रुपये का हो गया था. इसी तरह कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में भी दाम कम किए गए थे.

घरेलू सिलेंडर की कीमतें स्थिर

जहां कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम लगातार बदलते रहे हैं, वहीं घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतें अप्रैल से अब तक स्थिर बनी हुई हैं. 14 किलो वाले सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 853 रुपये, कोलकाता में 879 रुपये, मुंबई में 852 रुपये और चेन्नई में 868 रुपये है.

ये भी पढे़-पीएम मोदी ने आईएनएसवी कौंडिन्या के क्रू को दी नए साल की शुभकामनाएं

नए साल की पहली तारीख पर कॉमर्शियल LPG सिलेंडर महंगा हो गया है, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और कारोबारी वर्ग पर सीधा असर पड़ेगा. आम घरों के लिए राहत की बात यह है कि घरेलू सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read