NFL installing RO water coolers: दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण और कड़ाके की ठंड के बीच नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (NFL) ने एक सराहनीय सामाजिक पहल की है. कंपनी अपनी कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) योजना के तहत राजधानी दिल्ली के शाहदरा नॉर्थ जोन (एमसीडी) के 28 सरकारी स्कूलों में आरओ प्यूरीफायर युक्त वाटर कूलर उपलब्ध करा रही है. इस परियोजना के अंतर्गत कुल 50 RO वाटर कूलर लगाए जाएंगे, जिससे हजारों स्कूली बच्चों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल मिल सकेगा.
50 लाख की CSR परियोजना
इस जनहितकारी पहल के लिए नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड के बोर्ड ने ₹50 लाख के CSR फंड को मंजूरी दी है. फिलहाल परियोजना पर काम जारी है और आने वाले महीने से स्कूलों में चरणबद्ध तरीके से RO वाटर कूलरों की स्थापना शुरू की जाएगी.
बच्चों के स्वास्थ्य पर फोकस
NFL का कहना है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना है, ताकि दूषित पानी से होने वाली बीमारियों से उन्हें बचाया जा सके. प्रदूषण और बदलते मौसम के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले असर को देखते हुए इस कदम को बेहद अहम माना जा रहा है.
स्कूल प्रबंधन से सहयोग की अपील
NFL ने संबंधित सरकारी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से भी अनुरोध किया है कि RO वाटर कूलरों की स्थापना के लिए नियुक्त ठेकेदार को पूरा सहयोग दिया जाए, ताकि काम समय पर और सुचारू रूप से पूरा हो सके. परियोजना में शामिल सभी स्कूलों की सूची भी संबंधित विभाग को सौंप दी गई है.
ये भी पढ़ें: Budget 2026 से हेल्थ सेक्टर की क्या हैं बड़ी उम्मीदें? मिड-साइज अस्पताल से लेकर स्वास्थ्यकर्मियों पर फोकस की मांग
शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में NFL की यह पहल न केवल बच्चों के लिए लाभकारी होगी, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में एक सकारात्मक उदाहरण भी पेश करेगी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



