Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

कैफे विस्फोट के संदिग्ध पर 10 लाख का इनाम घोषित, NIA ने जारी की हमलावर की तस्वीर

एनआईए ने बेंगलुरु के रामेश्वरम कैफे में एक मार्च को हुए विस्फोट के मामले में संदिग्ध बम हमलावर की जानकारी देने पर 10 लाख रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है.

Bengaluru Cafe Blast

इसी कैफे में हुआ था ब्लास्ट

Bengaluru Cafe Blast: एनआईए ने बेंगलुरु के रामेश्वरम कैफे में एक मार्च को हुए विस्फोट के मामले में संदिग्ध बम हमलावर की जानकारी देने पर 10 लाख रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है. इनाम घोषित किए जाने की जानकारी एनआईए ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट की है. इस पोस्ट में एनआईए ने संदिग्ध की एक तस्वीर भी शेयर की है. जिसमें हमलावर टोपी, मास्क और चश्मा लगाकर कैफे के अंदर दाखिल होते हुए दिख रहा है.

सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी

एक्स पर एनआईए ने फोन नंबर और ईमेल आईडी साझा करते हुए कहा है कि इनके माध्यम से लोग इस अज्ञात व्यक्ति के बारे में सूचना भेज सकते हैं. यह अज्ञात व्यक्ति को हमले को अंजाम देने वाला माना जा रहा है.इसके साथ ही एनआईए ने कहा है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी.

एनआईए को सौंपी गई ब्लास्ट की जांच

बता दें कि कैफे में विस्फोट की जांच एनआईए को इसी सप्ताह सौंपी गयी थी. एक मार्च को पूर्वी बेंगलुरु के ब्रुकफील्ड में रामेश्वरम कैफे के अंदर विस्फोट होने से कम से कम दस लोग घायल हो गये थे. माना जा रहा है कि आईईडी के माध्यम से यह विस्फोट किया गया. धमाके के शीघ्र बाद कर्नाटक पुलिस ने कठोर गैर कानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था.

पुलिस को मिले अहम सुराग

वहीं इस मामले को लेकर कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने बुधवार यानी कि 6 मार्च को कहा कि एक मार्च को रामेश्वरम कैफे में हुए विस्फोट मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और वह गुत्थी सुलझाने के करीब पहुंच रही है. परमेश्वर ने कहा, ‘‘हमारे अधिकारी मामले को सुलझाने के करीब पहुंच रहे हैं. कल और परसों कुछ महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई, जिसे हमने बहुत गंभीरता से लिया है. अगर हम इस तरह से आगे बढ़ते हैं तो हम जांच पूरी कर लेंगे.’’

यह भी पढ़ें- UP News: पूर्व सांसद धनंजय सिंह को 7 साल की जेल, सियासी भविष्य पर मंडराया संकट

गृह मंत्री ने कहा कि मामले के संबंध में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है. मंत्री ने कहा कि संदेह के आधार पर कुछ लोगों को पुलिस ने बुलाया, जिनसे जानकारी जुटाई गई.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital