Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

एनआईए ने आईएसआईएस पुणे स्लीपर मॉड्यूल मामले में दो फरार आरोपियों को मुंबई एयरपोर्ट से किया गिरफ्तार

“एनआईए ने आईएसआईएस के पुणे स्लीपर मॉड्यूल से जुड़े दो फरार आतंकियों अब्दुल्ला शेख और तल्हा खान को मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया.

NIA

नई दिल्ली, 17 मई 2025: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन आईएसआईएस के पुणे स्लीपर मॉड्यूल से जुड़े दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारी 2023 में पुणे, महाराष्ट्र में आईईडी बनाने और परीक्षण से जुड़े एक मामले में की गई है।

मुंबई एयरपोर्ट पर पकड़े गए दोनों आतंकी

गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों की पहचान अब्दुल्ला फैयाज़ शेख उर्फ डायपरवाला और तल्हा खान के रूप में हुई है. ये दोनों इंडोनेशिया के जकार्ता से भारत लौटने की कोशिश में मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (T2) पर इमिग्रेशन विभाग द्वारा रोके गए, जिसके बाद एनआईए टीम ने उन्हें हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया.

दो साल से थे फरार, ₹3 लाख का इनाम था घोषित

दोनों आरोपी पिछले दो साल से फरार थे और उनके खिलाफ एनआईए की विशेष अदालत, मुंबई द्वारा गैर-जमानती वारंट जारी किए गए थे. एनआईए ने इन दोनों की सूचना देने पर ₹3 लाख के इनाम की घोषणा भी की थी.यह मामला (RC-05/2023/NIA/MUM) आईएसआईएस के पुणे स्लीपर मॉड्यूल के 10 सदस्यों की भारत सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ने और देश में इस्लामिक शासन स्थापित करने की साजिश से संबंधित है. इनका उद्देश्य देश में अशांति और सांप्रदायिक तनाव फैलाकर आतंकी गतिविधियों को अंजाम देना था.

आईईडी बनाने और परीक्षण की थी साजिश

अब्दुल्ला शेख द्वारा पुणे के कोंढवा में किराए पर लिए गए घर से ये दोनों आरोपी आईईडी बनाने और उसका परीक्षण करने में लगे थे. वर्ष 2022-2023 के दौरान उन्होंने बम निर्माण और प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया था, और एक नियंत्रित विस्फोट कर आईईडी का परीक्षण भी किया था।

अब तक 10 आरोपी गिरफ़्तार

एनआईए ने इस मामले में अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर चार्जशीट दाखिल की है. इन पर यूएपीए, विस्फोटक अधिनियम, आर्म्स एक्ट और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. गिरफ्तार अन्य आरोपी हैं: मोहम्मद इमरान खान, मोहम्मद यूनुस साकी, अब्दुल कादिर पठान, सिमाब नासिरुद्दीन काज़ी, जुल्फिकार अली बारोदावाला, शमिल नाचन, अकीफ नाचन और शहनवाज़ आलम. एनआईए देश में आईएसआईएस की आतंकी गतिविधियों को नाकाम करने के लिए सक्रिय रूप से जांच और कार्रवाई कर रही है.

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital