बिहार में हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में एनडीए की शानदार जीत के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली. इस बार भी बिहार की सरकार में वही पुरानी तिकड़ी देखने को मिली. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने डिप्टी मुख्यमंत्री के पद की शपथ ग्रहण की है.
बिहार में 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले नीतीश कुमार (Bihar New CM Nitish Kumar) की संपत्ति और नेटवर्थ (Nitish Kumar Networth) बिहार सरकार की वेबसाइट पर साझा किया गया था. आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कुल संपत्ति 1.64 करोड़ रुपये है, जिसमें उनकी चल और अचल संपत्ति दोनों शामिल हैं.
सूत्रों के मुताबिक, नीतीश कुमार के पास 21,052 रुपये नकद और विभिन्न बैंक खातों में लगभग 60,811.56 रुपये जमा हैं. इसके अलावा, उनके पास मौजूद अचल संपत्ति की कुल वैल्यू लगभग 1.48 करोड़ रुपये बताई गई है.
नीतीश कुमार का संपत्ति विवरण यह दिखाता है कि मुख्यमंत्री का फोकस सिर्फ सार्वजनिक सेवा पर रहा है और उन्होंने अपनी निजी संपत्ति में ज्यादा निवेश नहीं किया है.
सम्राट चौधरी की संपत्ति
मुंगेर की तारापुर सीट से लगातार दूसरी बार जीत हासिल करने वाले सम्राट चौधरी की कुल संपत्ति लगभग 11.34 करोड़ रुपये बताई गई है. उनके और उनके परिवार के पास नकद 1,71,550 रुपये, बैंक खातों में करीब 27 लाख रुपये जमा हैं. इसके अलावा, पति-पत्नी के पास करीब 40 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण हैं. शेयर, बॉन्ड और म्यूचुअल फंड में 32 लाख रुपये निवेश किए गए हैं, वहीं LIC और SBI Life की पॉलिसी में 10 लाख रुपये की राशि है. सम्राट चौधरी के पीपीएफ खाते में भी 10 लाख रुपये जमा हैं. खास बात यह है कि उनके ऊपर कोई ऋण नहीं है. उनके नाम एक बोलेरो नियो कार भी दर्ज है, जिसकी कीमत लगभग 7 लाख रुपये है.
विजय कुमार सिन्हा की संपत्ति
लखीसराय सीट से जीतने वाले विजय कुमार सिन्हा की कुल संपत्ति 11.62 करोड़ रुपये बताई गई है. हालांकि, उनके ऊपर 1.21 करोड़ रुपये का कर्ज भी है. उनके पास महिंद्रा SUV जैसी कार है, जबकि पत्नी के नाम टवेरा और बोलेरो जैसी कारें हैं. दोनों के पास लगभग 59 लाख रुपये की गोल्ड ज्वेलरी है. जमीन और प्रॉपर्टी की बात करें तो उनके पास 16 लाख रुपये की कृषि भूमि, 87 लाख रुपये मूल्य की गैर-कृषि भूमि और 4 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की कमर्शियल बिल्डिंग्स हैं. इसके अलावा, रेजिडेंशियल प्रॉपर्टीज के रूप में उनके पास 2 करोड़ रुपये के दो घर हैं.
ये भी पढ़ें: नीतीश कुमार आज लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, शाह, नड्डा सहित एनडीए के बड़े नेता पहुंचे पटना
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



