Bharat Express DD Free Dish

25 से 29 सितंबर तक नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर रहेगा तगड़ा ट्रैफिक डायवर्जन, निकलने से पहले पढ़ें एडवाइजरी

Noida Traffic Diversion: ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में ‘यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026’ के आयोजन को लेकर 25 से 29 सितंबर तक नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है. प्रशासन ने भारी वाहनों की नो-एंट्री के साथ चिल्ला, DND और कालिंदी कुंज बॉर्डर से आम चालकों के लिए वैकल्पिक रूट जारी किए हैं.

Noida Traffic Diversion

Noida Greater Noida Expressway Traffic Diversion

Noida Traffic Diversion: अगर आप नोएडा, ग्रेटर नोएडा या दिल्ली-एनसीआर के आसपास रहते हैं और अगले 5 दिनों (25 से 29 सितंबर 2026) के बीच नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर यात्रा करने वाले हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद काम की है. ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट में ‘यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है, जिसमें देश-विदेश के वीवीआईपी और लाखों पर्यटकों के जुटने की उम्मीद है. सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए गौतमबुद्धनगर ट्रैफिक पुलिस ने 1500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए हैं और 5 दिनों के लिए विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया है.

कमर्शियल और भारी वाहनों की ‘नो-एंट्री’

24 से 29 सितंबर तक रोजाना सुबह 7:00 बजे से रात 11:00 बजे तक एक्सप्रेसवे और एक्सपो मार्ट की ओर भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा.
छूट: दूध, फल, सब्जी, दवाइयां और इमरजेंसी सेवाओं वाले वाहनों को आवाजाही की अनुमति रहेगी.
वैकल्पिक मार्ग: कमर्शियल गाड़ियां चिल्ला बॉर्डर या DND से यू-टर्न लेकर NH-09/24, NH-91 या ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (EPE) का इस्तेमाल कर सकती हैं.

आम चालकों के लिए प्रमुख डायवर्जन रूट्स

चिल्ला बॉर्डर: गाड़ियों को सेक्टर-14A फ्लाईओवर से गोलचक्कर चौक (सेक्टर-15) की तरफ डायवर्ट कर DSC मार्ग पर भेजा जाएगा.
DND फ्लाईओवर: गाड़ियों को रजनीगंधा चौक (सेक्टर-16) की तरफ मोड़कर MP-01 और DSC मार्ग का विकल्प दिया जाएगा.
कालिंदी कुंज: महामाया फ्लाईओवर से वाहनों को सेक्टर-37 की ओर डायवर्ट किया जाएगा.
परीचौक से नोएडा: गाड़ियों को सूरजपुर व ग्रेटर नोएडा वेस्ट (किसान चौक) की तरफ भेजा जाएगा.

यह भी पढ़ें: ‘ज्ञानेश कुमार को गिरफ्तार करो’, SIR विवाद के बीच संजय राउत का बड़ा हमला

पार्किंग और वापसी का प्लान

ट्रेड शो में आने वाले लोग हिंडन कट से सर्विस रोड होकर नासा (NASA) गोलचक्कर पार्किंग में गाड़ियां खड़ी कर सकेंगे. नासा गोलचक्कर भरने पर KCC और यूनाइटेड कॉलेज परिसर में बैकअप पार्किंग की व्यवस्था रहेगी.

परेशानी से बचने के लिए स्मार्ट टिप

ट्रैफिक पुलिस ने अपील की है कि एक्सपो मार्ट पहुंचने के लिए नोएडा एक्वा लाइन मेट्रो (Knowledge Park II स्टेशन) का उपयोग करें. यदि सड़क मार्ग से जाना जरूरी हो, तो 30-40 मिनट का अतिरिक्त समय लेकर निकलें. किसी भी सहायता के लिए ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क कर सकते हैं.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read