फरवरी का पहला हफ्ता बीतते ही उत्तर भारत के मौसम में साफ बदलाव नजर आने लगा है. कड़ाके की ठंड अब धीरे-धीरे पीछे हट रही है और मौसम सर्दी से गर्मी की ओर बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है. हालांकि यह बदलाव अचानक नहीं है, बल्कि एक ट्रांजिशन फेज में मौसम चल रहा है, जहां दिन सुहाने हो रहे हैं, लेकिन सुबह और शाम की ठंड अब भी महसूस की जा रही है. मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ों तक मौसम का मिजाज अलग-अलग रंग दिखा रहा है.
दिल्ली-NCR: धूप बढ़ी, सीमित हुई ठंड
दिल्ली-एनसीआर में अब सर्दी का असर काफी कम हो चुका है. घने कोहरे की जगह सुबह के समय हल्की धुंध ही कहीं-कहीं देखने को मिल रही है. आसमान साफ रहने से दिन में तेज धूप निकल रही है, जिससे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. दिन के वक्त अब गर्माहट का अहसास होने लगा है, जबकि ठंड मुख्य रूप से सुबह और शाम तक सिमट गई है.
मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास रह सकता है. अगले 7 दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं दिखेगा. 9 और 10 फरवरी को आंशिक बादल और हल्की धुंध की संभावना है, लेकिन 11 फरवरी के बाद मौसम फिर साफ हो जाएगा.
वायु गुणवत्ता की बात करें तो दिल्ली में AQI अभी भी चिंता का विषय है. शनिवार को औसत AQI 227 (खराब श्रेणी) दर्ज किया गया, हालांकि रविवार सुबह इसमें हल्का सुधार देखने को मिला और AQI 196 के आसपास रहा.
UP: धूप से राहत, हल्की ठंड बरकरार
उत्तर प्रदेश में पछुआ हवाओं का असर कम होने से मौसम अब ज्यादा आरामदायक लगने लगा है. दिन में धूप निकलने से ठंड कम महसूस हो रही है, लेकिन सुबह और शाम हल्की ठंड बनी हुई है. न्यूनतम तापमान करीब 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 24–26 डिग्री के बीच रह सकता है. बरेली सबसे ठंडा और झांसी सबसे गर्म जिला रह सकता है. 9 फरवरी के बाद पहाड़ों से आने वाले पश्चिमी विक्षोभ का हल्का असर उत्तरी यूपी में दिख सकता है, जिससे कहीं-कहीं बूंदाबांदी संभव है.
बिहार: सुबह-शाम सतर्कता जरूरी
बिहार में धूप और हल्की पछुआ हवाओं के कारण मौसम में सुधार दिख रहा है. हालांकि कई जिलों में सुबह के समय कोहरा अब भी नजर आ सकता है. दिन में धूप निकलने से सर्दी का असर कम रहेगा, लेकिन रात और सुबह ठंड से बचाव जरूरी है. अगले कुछ दिनों तक न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम 24–25 डिग्री के आसपास बना रह सकता है.
राजस्थान: पश्चिमी विक्षोभ की आहट
राजस्थान में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. हालांकि 9 फरवरी के आसपास एक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना जताई गई है.
हिमाचल और उत्तराखंड: बर्फबारी से फिर बढ़ेगी ठंड
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम का रुख बिल्कुल अलग है. अगले 48 घंटों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी तेज हो सकती है. लाहौल-स्पीति, ताबो, कुकुमसेरी जैसे इलाकों में भारी बर्फबारी, तेज हवाएं और बिजली गिरने की चेतावनी है. उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में भी बर्फबारी से ठंड फिर तेज होगी.
कश्मीर: फिर लौटेगा बारिश-बर्फबारी का दौर
जम्मू-कश्मीर में दो दिनों के भीतर एक बार फिर बारिश और बर्फबारी की संभावना है. ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान शून्य से नीचे रह सकता है और दिन में भी ठंडे दिन जैसे हालात बन सकते हैं. 9 से 11 फरवरी के बीच लगातार बादल छाए रहने के आसार हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



