North India cold Wave: दिल्ली-NCR और उत्तर भारत में सर्दी ने अब पूरी तरह से दस्तक दे दी है. सुबह की पहली किरणों के साथ ही कोहरे की मोटी परत फैल जाती है. पिछले कुछ दिनों से सड़कें धुंध में गायब हो रही हैं, रेल और हवाई यातायात प्रभावित है. वहीं लोग ठिठुरती ठंड में घरों में दुबके हुए हैं. पहाड़ों पर लगातार बर्फबारी हो रही है, जिससे मैदानी इलाकों में शीतलहर ने जनजीवन कठिन बना दिया है.
IMD ने दी चेतावनी
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि 4 से 7 जनवरी तक दिल्ली और आसपास के इलाकों में शीतलहर चलेगी. पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भी ठंड का प्रकोप बढ़ेगा. रविवार को दिल्ली में घना कोहरा छाया रहा और ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया. न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री रहा. आयानगर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
कोहरे का अलर्ट
IMD के अनुसार अगले सात दिनों तक उत्तर भारत के कई हिस्सों में घना से बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है. पंजाब, हरियाणा, यूपी, बिहार और राजस्थान में कोहरे का असर बना रहेगा. 4 से 8 जनवरी तक पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में शीतलहर की स्थिति रहेगी. पूर्वी यूपी और बिहार में ठंडे दिन की चेतावनी जारी की गई है.
यूपी और अन्य राज्यों का हाल
शनिवार को यूपी के कई हिस्सों में ठंड रही. राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो सामान्य से 3.2 डिग्री कम था. न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक था. पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से नीचे चला गया है और मेघालय में बर्फबारी की संभावना जताई गई है.
देशभर में मौसम का हाल
उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री गिर सकता है. मध्य भारत में अगले चार दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिरने की संभावना है. पूर्वी भारत में भी अगले 24 घंटे बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है. वहीं गुजरात में अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री बढ़ने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें-72वीं नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप: वाराणसी में आज प्रधानमंत्री मोदी करेंगे वर्चुअल उद्घाटन
कोहरे और शीतलहर का असर परिवहन और विमानन सेवाओं पर पड़ रहा है. उड़ानों और ट्रेनों में देरी हो रही है, सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है. स्वास्थ्य पर भी असर दिख रहा है, सर्दी-जुकाम और सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है. IMD ने लोगों को सतर्क रहने, गर्म कपड़े पहनने और गैरजरूरी यात्राओं से बचने की सलाह दी है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
