Operation Amistad: वेनेजुएला में आए भीषण भूकंप के बाद वहां हालात बेहद चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं. ऐसे मुश्किल समय में भारत ने एक बार फिर दुनिया के सामने अपनी मानवीय प्रतिबद्धता का परिचय दिया है. केंद्र सरकार ने ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ के तहत राहत और चिकित्सा सहायता का विशेष अभियान शुरू किया है. इस मिशन के तहत भारतीय वायुसेना के दो C-17 ग्लोबमास्टर विमान राहत सामग्री, मेडिकल उपकरण और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लेकर वेनेजुएला के लिए रवाना हो चुके हैं.
भारत का यह कदम सिर्फ राहत पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि संकट की घड़ी में दोस्ती और मानवता का संदेश भी देता है. सरकार का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य भूकंप प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द जरूरी चिकित्सा सुविधा और राहत उपलब्ध कराना है.
41 सदस्यीय मेडिकल टीम पहुंचाएगी राहत
ऑपरेशन अमिस्ताद के तहत भारतीय सेना के 60 पैरा फील्ड हॉस्पिटल की 41 सदस्यीय विशेष मेडिकल टीम को वेनेजुएला भेजा गया है. इस टीम में 9 अनुभवी डॉक्टर भी शामिल हैं, जो प्रभावित इलाकों में तत्काल इलाज और आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं देंगे.
इसके साथ करीब 6 टन मेडिकल उपकरण, जरूरी दवाइयां और राहत सामग्री भी भेजी गई है. भारतीय वायुसेना के भारी-भरकम परिवहन विमान इन संसाधनों को कम समय में प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचाने का काम करेंगे.
BHISHM Cube बनेगा सबसे बड़ा सहारा
इस मिशन की सबसे खास बात है BHISHM Cube का इस्तेमाल. यह भारत में विकसित एक अत्याधुनिक मोबाइल फील्ड हॉस्पिटल है, जिसे खास तौर पर प्राकृतिक आपदाओं के दौरान इस्तेमाल के लिए तैयार किया गया है.
BHISHM Cube की मदद से आपातकालीन सर्जरी, गंभीर मरीजों का इलाज और एक समय में लगभग 200 मरीजों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सकती है. जिन इलाकों में अस्पताल क्षतिग्रस्त हो जाते हैं या स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह ठप पड़ जाती हैं, वहां यह सिस्टम बेहद कारगर साबित होता है.
केंद्र सरकार ने इस अभियान को ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ की भावना से प्रेरित बताया है. सरकार ने कहा कि संकट की इस घड़ी में भारत वेनेजुएला के लोगों के साथ मजबूती से खड़ा है और हर संभव मदद देने के लिए प्रतिबद्ध है.
ये भी पढ़ें- पीएम मोदी का सेशेल्स दौरा: भारत के ‘विज़न महासागर’ को मिलेगी मजबूती, जानिए कैसे चीन की दादागिरी का होगा द एंड?
पहले भी कई देशों की कर चुका है मदद
यह पहला मौका नहीं है जब भारत ने किसी दूसरे देश की प्राकृतिक आपदा के दौरान मदद का हाथ बढ़ाया हो. इससे पहले भी भारत तुर्किये, नेपाल, म्यांमार समेत कई देशों में राहत और बचाव अभियान चला चुका है. ऑपरेशन अमिस्ताद उसी मानवीय परंपरा का नया उदाहरण है.
विशेषज्ञों का मानना है कि प्रशिक्षित मेडिकल टीम, आधुनिक उपकरण और तेज हवाई परिवहन की मदद से वेनेजुएला में राहत कार्यों को गति मिलेगी. इससे बड़ी संख्या में भूकंप प्रभावित लोगों को समय पर इलाज और आवश्यक सहायता मिल सकेगी, जो ऐसे संकट के समय सबसे बड़ी जरूरत होती है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





