Pahalgam Terror Attack: कश्मीर के पहलगाम के पास ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ के नाम से मशहूर पर्यटन स्थल बैसरन में मंगलवार को हुए एक आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई. मृतकों में ज्यादातर पर्यटक शामिल हैं. इस हमले को 2019 में पुलवामा में हमले के बाद घाटी में हुआ सबसे बड़ा आतंकी हमला बताया जा रहा है. पहलगाम के इस हमले में उत्तर प्रदेश के कानपुर के शुभम द्विवेदी भी मारे गए हैं. पहलगाम हिंसा में आतंकवादियों की गोली का शिकार हुए शुभम द्विवेदी के घर शोक का माहौल है.
2 महीने पहले हुई थी शादी (Pahalgam Terror Attack)
शुभम अपन पत्नी के साथ हनीमून पर घूमने गए थे. बता दें कि अभी 2 महीने पहले ही 12 फरवरी को शुभम की शादी हुई थी. शुभम के पिता संजय द्विवेदी सीमेंट के कारोबारी हैं. शुभम को जम्मू-कश्मीर से बुधवार को लौटना था. जिस समय आतंकी शुभम को मार रहे थे उस वक्त उनकी पत्नी ने आतंकवादियों से कहा कि मुझे भी मार दो लेकिन आतंकियों ने कहा कि हम तुम्हें नहीं मारेंगे. हम तुम्हें जिंदा छोड़ रहे हैं ताकि तुम जाकर सरकार को बताओ कि हमने क्या किया है.
‘कलमा पढ़ लो, गोली नहीं मारेंगे’ (Pahalgam Terror Attack)
शुभम के गोली लगने की खबर से सभी लोग घबरा गए. तभी एक वायरल वीडियो सामने आया, जिसमें देखा कि जमीन पर शुभम का शव पड़ा है. सिर पर चोट लगी है और खून बह रहा है. वीडियो देखकर मालूम हुआ कि बड़ी अनहोनी हुई है. उन्होंने बताया कि उनकी बात शुभम की पत्नी एशान्या से हुई. उन्होंने बताया कि ‘हम घुड़सवारी कर रहे थे. तभी आतंकी हमला हुआ. एक आतंकवादी ने शुभम से कहा कि अगर तुम कलमा पढ़ लो, तो हम गोली नहीं मारेंगे.’
शुभम की मौत से घर में मच गया मातम
शुभम की मौत की सूचना मिलते ही उनके घर में मातम मच गया. घर वालों का कहना है कि आतंकवादियों ने जिस तरह की कायराना हरकत की है और मेरे शुभम को मारा है वैसे ही सरकार को भी इनसे बदला लेना चाहिए. हमारे शुभम की डेडबॉडी जल्द से जल्द हमारे घर भिजवाना चाहिए.
आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत
आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हुई है. वहीं, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आतंकवादी हमले को “हाल के वर्षों में नागरिकों पर किए गए किसी भी हमले से कहीं ज़्यादा बड़ा” बताया. मृतकों में कर्नाटक, महाराष्ट्र, हरियाणा और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों के पर्यटक शामिल हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

