Bharat Express DD Free Dish

‘मेलोडी’ गिफ्ट करने पर पारले प्रोडक्ट्स ने पीएम मोदी को कहा धन्यवाद, मेलोनी के साथ वीडियो हुआ था वायरल

पीएम मोदी द्वारा इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी को ‘मेलोडी’ टॉफी गिफ्ट करने का वीडियो वायरल होने के बाद पारले प्रोडक्ट्स ने पीएम का धन्यवाद किया है. जानिए इस वायरल मोमेंट का शेयर बाजार पर क्या असर हुआ.

parle-products-thanks-pm-modi-melody-toffee-gift-giorgia-meloni-viral-video

पीएम मोदी द्वारा इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को ‘मेलोडी’ टॉफी गिफ्ट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त वायरल हुआ. इस वायरल मोमेंट के बाद मेलोडी बनाने वाली कंपनी पारले प्रोडक्ट्स ने प्रधानमंत्री मोदी का खास अंदाज में धन्यवाद किया है. दरअसल, जॉर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें पीएम मोदी उन्हें ‘मेलोडी’ टॉफी का पैकेट देते नजर आए. वीडियो में मेलोनी मुस्कुराते हुए कहती हैं, “प्राइम मिनिस्टर मोदी ब्रॉट अस अ गिफ्ट, ए वेरी वेरी गुड टॉफी.” इसके बाद दोनों नेता साथ में ‘मेलोडी’ कहते हैं. यह वीडियो कुछ ही घंटों में इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गया.

पारले प्रोडक्ट्स ने जताया प्रधानमंत्री का आभार

वीडियो के वायरल होते ही पारले प्रोडक्ट्स ने भी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स पर प्रतिक्रिया दी. कंपनी ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद, जिन्होंने पारले मेलोडी को वैश्विक मंच तक पहुंचाया. यह हम सभी के लिए गर्व का पल है कि भारत की पसंदीदा टॉफी अब सीमाओं के पार भी साझा की जा रही है.” कंपनी ने इंस्टाग्राम पर भी यह वीडियो शेयर किया और कैप्शन लिखा, “1983 से रिश्तों में मिठास घोलते हुए.”

10 करोड़ से ज्यादा व्यूज, रिकॉर्ड तोड़ ‘मेलोडी मोमेंट’

सोशल मीडिया पर यह ‘मेलोडी मोमेंट’ रिकॉर्ड तोड़ चर्चा का विषय बन गया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीएम मोदी और जॉर्जिया मेलोनी के इस हल्के-फुल्के पल वाले वीडियो को कुछ ही घंटों में 100 मिलियन यानी 10 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिल गए. इंटरनेट यूजर्स इस वीडियो को लगातार शेयर कर रहे हैं और ‘पारले’ व ‘मेलोडी’ जैसे शब्द गूगल और ‘एक्स’ पर सबसे ज्यादा सर्च किए जाने वाले की-वर्ड्स में शामिल हो गए.

ये भी पढ़ें: भारत-इटली रिश्तों को ‘स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ तक पहुंचाया- पीएम मोदी

शेयर बाजार में दिखा असर, पारले इंडस्ट्रीज के शेयर में तेजी

दिलचस्प बात यह रही कि इस वायरल वीडियो का असर शेयर बाजार में भी देखने को मिला. ‘पारले इंडस्ट्रीज’ के शेयर में तेजी आ गई और उसका स्टॉक अपर सर्किट तक पहुंच गया, जबकि मेलोडी टॉफी बनाने वाली कंपनी पारले प्रोडक्ट्स एक अलग और अनलिस्टेड कंपनी है. फिलहाल, पीएम मोदी और मेलोनी का यह ‘मेलोडी मोमेंट’ दुनिया भर में चर्चा का विषय बना हुआ है.

नोट- यह खबर एजेंसी (IANS) फीड से सीधे पब्लिश की गई है. इसमें किसी भी जानकारी को नहीं बदला गया है. खबर को पढ़ने लायाक बनाने के लिए लिए केवल हेडलाइन बदली गई है. वहीं पैराग्राफ से पहले सबहेड जोड़े गए हैं. इस स्टोरी को लेकर भारत एक्सप्रेस की किसी भी तरह की नैतिक जिम्मेदारी नहीं होगी.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read