Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

राहुल गांधी पर BNS की धाराओं में FIR, संसद में धक्‍का-मुक्‍की के बाद BJP सांसदों ने दर्ज कराई शिकायत

आज संसद परिसर में धक्का-मुक्की की घटना में कई सांसदों को चोटें आईं. ओडिशा के बालासोर से भाजपा सांसद प्रताप सारंगी ने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने धक्‍का मारा, वे गिर गए और खून बहने लगा.

Rahul Gandhi Pratap Chandra Sarangi

संसद में धक्‍का-मुक्‍की के बाद बढ़ती जा रही सियासी तकरार.

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

गुरुवार सुबह संसद परिसर में हुई धक्का-मुक्की के बाद देर शाम भाजपा के सांसदों की ओर से कांग्रेस के सिपहसालार राहुल गांधी के खिलाफ हत्या की कोशिश का केस दर्ज कराया गया. सूत्रों के अनुसार, उन पर BNS की कई धाराओं में FIR की गई.

एक भाजपा नेता ने कहा- हमने राहुल गांधी के खिलाफ धारा 109, 115, 117, 125, 131 और 351 के तहत शिकायत दी है.

संसद में धक्का-मुक्की की घटना के दौरान ओडिशा के बालासोर से सांसद प्रताप सारंगी चोटिल हो गए थे. सारंगी का आरोप है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक भाजपा सांसद को धक्का दिया, जिससे वह उनके ऊपर गिर गए. इस घटना के बाद सारंगी के सिर से खून बहने लगा और उन्हें तुरंत दिल्ली के राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल में भर्ती कराया गया.

अस्पताल के मेडिकल सुपरिन्टेंडेंट ने बताया कि सारंगी के सिर में गहरी चोट आई थी और उन्हें टांके भी लगे. साथ ही, फर्रुखाबाद से भाजपा सांसद मुकेश राजपूत भी घायल हुए. उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका ब्लड प्रेशर बढ़ गया था और वह चक्कर खा गए थे.

भाजपा सांसदों ने दर्ज करवाई FIR

घटना के बाद भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर और बांसुरी स्वराज ने राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज कराई. उनका आरोप है कि राहुल ने जानबूझकर भाजपा सांसदों को धक्का दिया. वहीं, राहुल गांधी ने इस पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा सांसदों ने उन्हें धमकाया और धक्का-मुक्की की. उन्होंने बताया कि संसद के मेन गेट, मकर द्वार पर भाजपा सांसदों ने उनका घेराव किया और उन्हें संसद में प्रवेश से रोका.

कांग्रेस नेताओं ने भी दर्ज कराई शिकायत

वहीं, कांग्रेस सांसदों ने भी भाजपा के व्यवहार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. दिग्विजय सिंह, राजीव शुक्ला और प्रमोद तिवारी ने मल्लिकार्जुन खड़गे से हुई धक्का-मुक्की और खराब व्यवहार की शिकायत की. खड़गे ने कहा कि उनके साथ भी धक्का-मुक्की की गई, जिससे उनके घुटने में चोट आई. कांग्रेस अध्यक्ष प्रियंका गांधी ने भी इस घटना की निंदा की.

प्रधानमंत्री ने लिया घायलों का हाल-चाल

संसदीय घटना की जानकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दी गई, जिसके बाद उन्होंने प्रताप सारंगी और मुकेश राजपूत से फोन पर बात की और उनका हाल-चाल लिया. इस घटना पर भाजपा सांसदों ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से भी शिकायत की है.

किरेन रिजिजू ने की राहुल की आलोचना

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह नेता प्रतिपक्ष हैं, उन्हें इस तरह की पहलवानी नहीं दिखानी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि क्या राहुल गांधी ने कराटे सिर्फ दूसरों को मारने के लिए सीखा है?

यह भी पढिए: Ambedkar को लेकर BJP-Congress आमने-सामने, Rahul Gandhi ने Amit Shah का इस्तीफा मांगा

  • भारत एक्‍सप्रेस


इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital