जन सेना पार्टी के अध्यक्ष, आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और ‘पावर स्टार’ के नाम से मशहूर पवन कल्याण के जन्मदिन (Pawan Kalyan Birthday) के अवसर पर देश के सर्वोच्च नेतृत्व ने उन पर दिल खोलकर प्यार और शुभकामनाएं बरसाई हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पवन कल्याण को जन्मदिन की बधाई देते हुए आंध्र प्रदेश में एनडीए (NDA) सरकार के सुशासन के एजेंडे को आगे बढ़ाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की जमकर सराहना की.
प्रधानमंत्री के अलावा गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू समेत देश के कई दिग्गज नेताओं ने पवन कल्याण की जनसेवा, सादगी और प्रशासनिक प्रतिबद्धता की तारीफ की.
‘जन-जन में लोकप्रिय हैं पवन कल्याण'(Modi on Pawan Kalyan Birthday)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पवन कल्याण को बधाई देते हुए उनके नेतृत्व क्षमता की तारीफ की. पीएम मोदी ने लिखा:
पवन कल्याण को जन्मदिन की हार्दिक बधाई. वे लोगों के बीच अत्यधिक सम्मानित हैं और आंध्र प्रदेश में एनडीए के सुशासन के एजेंडे को आगे बढ़ाने में बेहद अहम भूमिका निभा रहे हैं. ईश्वर से प्रार्थना है कि समाज की निरंतर सेवा करते हुए उन्हें लंबी, समृद्ध और स्वस्थ आयु प्राप्त हो.
प्रधानमंत्री के इस संदेश से स्पष्ट है कि केंद्र सरकार और एनडीए गठबंधन में पवन कल्याण का राजनीतिक कद कितना महत्वपूर्ण और प्रभावकारी है.
अमित शाह ने भी सराहा समर्पित प्रयास
गृह मंत्री अमित शाह ने पवन कल्याण को बधाई देते हुए कहा कि राज्य के विकास और आम जनता के कल्याण के लिए एनडीए के विज़न को धरातल पर उतारने में पवन कल्याण के समर्पित प्रयास बेहद सराहनीय हैं. वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पवन कल्याण आंध्र प्रदेश की प्रगति और जनता की भलाई के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं. केंद्रीय मंत्रियों नितिन गडकरी, पंकज चौधरी और भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं ने भी ‘पावर स्टार’ के लंबे और आरोग्य जीवन की कामना की.
‘पावर स्टार’ से ‘सुशासन के नायक’ तक का सफर
तेलुगु सिनेमा में अपार लोकप्रियता हासिल करने के बाद राजनीति में कदम रखने वाले पवन कल्याण ने जन सेना पार्टी के माध्यम से जमीनी मुद्दों पर निरंतर संघर्ष किया है. आज आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और पंचायती राज मंत्री के रूप में वे ग्रामीण विकास और प्रशासनिक सुधारों की नई इबारत लिख रहे हैं.
पीएम मोदी द्वारा दी गई यह शुभकामना (Modi on Pawan Kalyan Birthday) न केवल पवन कल्याण के प्रति उनके व्यक्तिगत स्नेह को दर्शाती है बल्कि यह भी साबित करती है कि आंध्र प्रदेश के पुननिर्माण में उनकी भूमिका एनडीए के लिए कितनी केंद्रीय है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


