Bharat Express DD Free Dish

‘फिलीपींस में भूकंप से हुई जानमाल की हानि से बहुत दुखी हूं’, पीएम मोदी ने जताई संवेदना

Philippines earthquake: फिलीपींस के मिंडानाओ में 7.8 तीव्रता का भूकंप आया जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई. पीएम मोदी ने संवेदना जताई. सुनामी चेतावनी जारी की गई और राष्ट्रपति ने राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए.

Philippines earthquake: फिलीपींस के दक्षिणी हिस्से मिंडानाओ में सोमवार सुबह समुद्र के पास 7.8 तीव्रता का भूकंप आया. इस हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं. भूकंप का केंद्र सारंगानी प्रांत के मासिम शहर से करीब 32 किलोमीटर दूर समुद्र के नीचे था. इसकी गहराई 33 किलोमीटर बताई गई है.

पीएम मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि फिलीपींस में आए भूकंप से हुई जानमाल की हानि से वे बेहद दुखी हैं. उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. मोदी ने कहा कि भारत इस मुश्किल समय में फिलीपींस की जनता और सरकार के साथ खड़ा है.

सुनामी की चेतावनी

भूकंप के बाद समुद्र में ऊंची लहरें उठीं जिनकी ऊंचाई 1.4 मीटर तक रही. इसके चलते नौ तटीय प्रांतों के लिए सुनामी अलर्ट जारी किया गया. लोगों को तुरंत ऊंचे इलाकों या सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई. अनुमान है कि पहली सुनामी लहरें सोमवार सुबह तक तटों तक पहुंच सकती हैं और असर कई घंटों तक रह सकता है.

राष्ट्रपति का निर्देश

फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड रोमुअलडेज मार्कोस ने प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य तेज करने के आदेश दिए. उन्होंने लोगों से ऊंची जगहों पर जाने की अपील की और प्रशासन को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए.

ये भी पढ़ें-UN की डराने वाली रिपोर्ट! जन्मदर गिरकर रिप्लेसमेंट लेवल से नीचे पहुंचा, क्या बुजुर्गों का देश बन जाएगा भारत?

रिंग ऑफ फायर में स्थित देश

फिलीपींस दुनिया के उन इलाकों में आता है जिसे ‘रिंग ऑफ फायर’ कहा जाता है. यहां टेक्टोनिक प्लेट्स की सीमाएं मिलती हैं, जिसके कारण अक्सर भूकंप और ज्वालामुखी विस्फोट होते रहते हैं. मिंडानाओ द्वीप, जहां यह भूकंप आया, देश का दूसरा सबसे बड़ा द्वीप है और भूकंपीय गतिविधियों के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जाता है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read