Bharat Express DD Free Dish

प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने पर भाजपा का मेगा शो, आईजीआई स्टेडियम में होगा भव्य कार्यक्रम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी बड़े स्तर पर जश्न की तैयारी में है. सूत्रों के मुताबिक, भाजपा इस ऐतिहासिक मौके पर दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन करने जा रही है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने का मौका भारतीय जनता पार्टी बड़े स्तर पर मनाने की तैयारी में है. 7 अक्टूबर 2026 को मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे हो रहे हैं.इसी को ध्यान में रखते हुए बीजेपी ने सितंबर से अक्टूबर तक देशभर में कई कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू की है. इस पूरे अभियान का नाम ‘सेवा संकल्प अभियान’ रखा गया है, जिसका फोकस जनसेवा, सामाजिक गतिविधियों और लोगों से सीधे जुड़ने पर है.

7 अक्टूबर का दिन क्यों है खास?

नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी.यहीं से उनके लगातार संवैधानिक पद पर रहने की 25 साल की यात्रा शुरू हुई. इसके बाद उन्होंने गुजरात में मुख्यमंत्री के तौर पर लंबा कार्यकाल पूरा किया और 2014 में देश के प्रधानमंत्री बने. तब से वह लगातार केंद्र की राजनीति के प्रमुख चेहरों में शामिल हैं.

बीजेपी इस मौके को केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम के तौर पर पेश नहीं कर रही है. पार्टी की ओर से इसे सेवा, सुशासन और सार्वजनिक जीवन की इस लंबी यात्रा से जोड़कर देशभर में कार्यक्रम किए जा रहे हैं.

देशभर में चल रहा ‘सेवा संकल्प अभियान’

बीजेपी का यह अभियान 17 सितंबर से शुरू हुआ और 17 अक्टूबर तक चलेगा.प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू किए गए इस अभियान में रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, युवाओं के साथ संवाद, प्रदर्शनी, पदयात्रा और कई तरह के जनसंपर्क कार्यक्रम शामिल हैं. पार्टी ने अभियान को अलग-अलग श्रेणियों में बांटकर राज्यों और स्थानीय स्तर तक गतिविधियां पहुंचाने की योजना बनाई है.

इस दौरान प्रधानमंत्री के 25 साल के सार्वजनिक जीवन और सरकार की योजनाओं से जुड़े फोटो और डिजिटल प्रदर्शनियां भी लगाई जा रही हैं.इसके अलावा युवाओं, महिलाओं और अलग-अलग सामाजिक वर्गों के साथ संवाद पर भी जोर दिया जा रहा है.

7 अक्टूबर को हरियाणा में भी बड़ा कार्यक्रम

25 साल पूरे होने के दिन हरियाणा में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का राष्ट्रीय आयोजन रखा गया है. जानकारी के मुताबिक इसका मुख्य कार्यक्रम गुरुग्राम में होगा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इसमें मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे.यात्रा ग्रामीण इलाकों से होकर गुरुग्राम के लेजर वैली क्षेत्र तक पहुंचेगी.

हरियाणा सरकार ने भी इस अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक अलग-अलग सेवा और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रमों की योजना बनाई है. इनमें स्वच्छता, सामाजिक गतिविधियां और लोगों की भागीदारी वाले आयोजन शामिल हैं.

कार्यकर्ताओं और आम लोगों की भागीदारी पर जोर

बीजेपी की कोशिश है कि इस पूरे आयोजन को केवल पार्टी नेताओं तक सीमित न रखा जाए. अभियान में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से लेकर आम नागरिकों तक की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है. रक्तदान से लेकर स्वच्छता अभियान और जनसंवाद तक, कई गतिविधियों के जरिए लोगों को जोड़ा जा रहा है.

पार्टी का कहना है कि प्रधानमंत्री के 25 साल के सार्वजनिक जीवन को सेवा और राष्ट्र निर्माण की यात्रा के रूप में लोगों तक पहुंचाया जाएगा. इसी वजह से अभियान में सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों, युवाओं और समाज के अलग-अलग वर्गों से संवाद को भी जगह दी गई है.

ये भी पढ़ें- स्मृति, वरुण और बालियान का पत्ता साफ! यूपी राज्यसभा चुनाव के लिए BJP ने जारी की 8 उम्मीदवारों की लिस्ट

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read