PHOTO CREDIT: IANS
PM Modi Public Service Exhibition: गुजरात की राजधानी अहमदाबाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सफल जनसेवा, समर्पण और बेमिसाल शासन के सफर को समर्पित एक भव्य मल्टीमीडिया प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है. पंडित दीनदयाल सभागार में लगाई गई ‘विकसित गुजरात से विकसित भारत’ शीर्षक वाली इस खास प्रदर्शनी का 4 अक्टूबर को मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने दौरा किया. राज्य सूचना एवं प्रसारण विभाग द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित यह प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है.
गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधान सेवक तक
इस प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री रहते शुरू की गई ऐतिहासिक योजनाओं से लेकर केंद्र सरकार की बड़ी विकास पहलों को डिजिटल व ऑडियो-विजुअल माध्यम से दिखाया गया है.
इसमें ज्योतिग्राम योजना, कृषि महोत्सव, शाला प्रवेशोत्सव, कन्या केलवानी, ई-ममता, मिशन मंगलम, वाइब्रेंट गुजरात समिट, खेल महाकुंभ और जल प्रबंधन जैसी चर्चित योजनाओं को शामिल किया गया है, जिन्होंने गुजरात के विकास की तस्वीर बदल दी थी.
CM भूपेंद्र पटेल ने जनता से की बात
प्रदर्शनी का मुआयना करने पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने वहां मौजूद नागरिकों और युवाओं से सीधा संवाद किया. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री मोदी के दिखाए ‘विकास मार्ग’ पर चलते हुए समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए पूरी निष्ठा से काम कर रही है.
प्रदर्शनी में कृषि, शिक्षा, ऊर्जा, उद्योग, महिला सशक्तिकरण और बंदरगाहों के विकास जैसे प्रमुख क्षेत्रों में हासिल की गई उपलब्धियों को पैनल चर्चाओं और पोस्टरों के जरिए दिखाया गया है.
5 अक्टूबर तक खुली रहेगी प्रदर्शनी
प्रदर्शनी देखने आने वाले दर्शक न केवल पीएम मोदी की 25 साल की विकास यात्रा को करीब से समझ सकते हैं, बल्कि इस पर आधारित एक रोचक क्विज प्रतियोगिता में भी हिस्सा ले सकते हैं. पंडित दीनदयाल सभागार में यह प्रदर्शनी 5 अक्टूबर तक रोज सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक आम जनता के लिए निशुल्क खुली रहेगी.
यह भी पढ़ें: सिर्फ टूरिज्म नहीं, हिंद महासागर का अभेद्य किला बना लक्षद्वीप, पीएम मोदी के दौरे के बाद ऐसे बदली द्वीपों की तस्वीर
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


