12 Years of Modi Government
12 Years of Modi Government: पीएम मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सरकार ने केंद्र की सत्ता में अपने गौरवमयी और सफल 12 वर्ष पूरे कर लिए हैं. इस ऐतिहासिक अवसर का जश्न मनाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने की अभूतपूर्व उपलब्धि पर बधाई देने के लिए नई दिल्ली के ‘भारत मंडपम’ में एक विशाल एनडीए कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया. इस बैठक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेतृत्व के साथ-साथ एनडीए शासित सभी 22 राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और गठबंधन में शामिल 35 सहयोगी दलों के लगभग 75 वरिष्ठ नेता शामिल हुए.
जनता के भरोसे ने बदला देश का भाग्य
बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भावुक और आत्मविश्वास से भरे नजर आए. उन्होंने देश की जनता का आभार जताते हुए कहा, “मैं इस देश के महान लोगों के सामने नतमस्तक होता हूं जिन्होंने हमें सेवा का अवसर दिया. जब 2014 में देश की जनता ने अपना भरोसा हमें सौंपा था, तब मैंने कहा था कि यह भारत के आम नागरिकों के लिए एक नई उम्मीद की शुरुआत है. आज 12 साल बाद यह गर्व से कहा जा सकता है कि एनडीए की स्थिर सरकार आने से देश का भाग्य बदला है. इस भरोसे को बनाए रखना और देश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है.”
गरीबों को मिडिल क्लास बनाने का गौरव
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में पिछले 12 वर्षों के दौरान किए गए जनकल्याणकारी कार्यों और आर्थिक सुधारों का विशेष रूप से उल्लेख किया. पीएम मोदी ने कहा कि हमारी नीतियों का सबसे बड़ा असर जमीन पर यह हुआ है कि देश के करोड़ों गरीब लोग अब गरीबी रेखा से बाहर निकलकर सशक्त ‘मिडिल क्लास’ (मध्यम वर्ग) का हिस्सा बन चुके हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि बुनियादी ढांचे (Infrastructure) को मजबूत कर देश के आखिरी पायदान पर खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना रहा है.
नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ बनाया कीर्तिमान
10 जून 2026 का यह दिन भारत के राजनीतिक इतिहास में हमेशा के लिए दर्ज हो गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार 4,399 दिनों तक देश के प्रधानमंत्री के रूप में कार्य करने का एक अनूठा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. उन्होंने भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के पहले आम चुनाव (1952) के बाद लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में दर्ज 4,398 दिनों के कार्यकाल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है. हालांकि इंदिरा गांधी ने देश पर 14 वर्षों तक शासन किया, लेकिन उनका कार्यकाल लगातार नहीं था, जबकि पीएम मोदी का यह सफर बिना किसी रुकावट के लगातार जारी है.
यह भी पढ़ें: 12 साल के कार्यकाल पर अमित शाह का बड़ा बयान, कहा- नया भारत दुनिया में बना ताकतवर पहचान
नीतीश, नायडू शुभेंदु ने किया अभिनंदन
बैठक के दौरान आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री मोदी के अभिनंदन का मुख्य प्रस्ताव पेश किया, जिसका बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सहित अन्य सभी गठबंधन सहयोगियों ने पुरजोर स्वागत किया. इस दौरान मंच पर एक बेहद दिलचस्प नजारा भी देखने को मिला, जब पश्चिम बंगाल की राजनीति के केंद्र में रहने वाली प्रसिद्ध ‘झालमुड़ी’ का स्वाद चखते हुए पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपने हाथों से प्रधानमंत्री मोदी को झालमुड़ी भेंट की.
विकसित भारत 2047 के संकल्प पर मंथन
बैठक में केवल 12 वर्षों के सफल सफर का जश्न ही नहीं मनाया गया, बल्कि भविष्य के रोडमैप पर भी कड़ा मंथन हुआ. केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी में ‘विकसित भारत 2047’ के विजन को पूरा करने की रणनीति बनाई गई. पीएम मोदी ने मंत्रियों को निर्देश देते हुए कहा कि यह समय अतीत की उपलब्धियों में खोए रहने का नहीं है, बल्कि आगामी लक्ष्यों को पूरा करने के लिए आगे देखने का है. इसके अलावा बैठक में पश्चिम एशिया के मौजूदा संकट और देश की आंतरिक व बाह्य सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने जैसे गंभीर वैश्विक व राष्ट्रीय मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा की गई.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





