Bharat Express DD Free Dish

पीएम मोदी भाजपा मुख्यालय में जारी बैठक में होंगे शामिल, नितिन नवीन की नई टीम को करेंगे संबोधित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में पार्टी मुख्यालय में जारी नए पदाधिकारियों की बैठक में शामिल होंगे. सूत्रों ने यह जानकारी दी है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार शाम भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में चल रही पार्टी के नए पदाधिकारियों की बैठक में शामिल होंगे. सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री करीब शाम 7 बजे भाजपा मुख्यालय पहुंच सकते हैं. इस दौरान वे बैठक में मौजूद राष्ट्रीय पदाधिकारियों को संबोधित भी करेंगे.

इस बैठक को पार्टी के लिए काफी अहम माना जा रहा है. इसकी एक बड़ी वजह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने का अवसर है. भाजपा इस मौके को देशभर में अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए मनाने की तैयारी कर रही है. बैठक में इन्हीं कार्यक्रमों की रूपरेखा, आयोजन और आगे की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है.

नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर पहली बार शपथ ली थी. इसके बाद से वह लगातार किसी न किसी सार्वजनिक पद पर रहे हैं. गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने करीब 13 साल तक जिम्मेदारी संभाली और 2014 में देश के प्रधानमंत्री बने. प्रधानमंत्री पद पर भी वह लगातार अपना कार्यकाल पूरा करते हुए अब 12 साल से ज्यादा समय बिता चुके हैं.

नए पदाधिकारियों की बैठक में ‘वंदे मातरम’ पर प्रस्ताव

इससे पहले शनिवार को भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक की शुरुआत की. बैठक की शुरुआत राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के गायन के साथ हुई. इसी दौरान भाजपा ने ‘वंदे मातरम’ के सम्मान और उसकी ऐतिहासिक विरासत को सुरक्षित रखने को लेकर एक प्रस्ताव भी पारित किया.

दरअसल, कांग्रेस कार्यसमिति ने 19 अगस्त को 1937 में लिए गए अपने पुराने फैसले को दोबारा स्वीकार किया था. इसके तहत कांग्रेस के कार्यक्रमों में ‘वंदे मातरम’ के केवल पहले दो पदों के गायन तक ही इसे सीमित रखने का फैसला किया गया. भाजपा ने कांग्रेस के इस निर्णय पर कड़ी आपत्ति जताई और इसका खुलकर विरोध किया.

नितिन नवीन ने जताया भाजपा का रुख

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर पार्टी का रुख स्पष्ट किया. उन्होंने कहा कि भाजपा ‘वंदे मातरम’ को भारत का राष्ट्रीय गीत मानती है और इसे भारत माता के प्रति सम्मान और श्रद्धा की अभिव्यक्ति के तौर पर देखती है.

नवीन ने यह भी कहा कि ‘वंदे मातरम’ सिर्फ एक गीत नहीं है, बल्कि स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ा एक महत्वपूर्ण प्रतीक और देश की राष्ट्रीय चेतना का हिस्सा रहा है. ऐसे में भाजपा का मानना है कि इसके ऐतिहासिक महत्व और सम्मान की रक्षा की जानी चाहिए.

यह भी पढ़ें: NH-20 पर मुआवजे की मांग को लेकर युवक का हाई-वोल्टेज ड्रामा, हाथ में पेट्रोल की बोतल ले आत्मदाह की दी धमकी

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read