शक्ति की उपासना के महापर्व ‘चैत्र नवरात्रि’, भारतीय नव संवत्सर और गुड़ी पड़वा के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं. प्रधानमंत्री ने कामना की है कि जगतजननी मां दुर्गा का आशीर्वाद हर भारतीय के जीवन में सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए और राष्ट्र निर्माण के संकल्पों को सिद्धि मिले.
‘विकसित भारत’ का संकल्प
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने संदेश में नवरात्रि को शक्ति की आराधना का दिव्य अवसर बताया. उन्होंने लिखा, “देशभर के मेरे परिवारजनों को नवरात्रि की हार्दिक मंगलकामनाएं.
देशवासियों को नव संवत्सर की अनंत शुभकामनाएं। मेरी कामना है कि यह नया साल आप सभी के जीवन में साहस, आत्मविश्वास और सेवा की भावना को और सशक्त करे, जो राष्ट्र निर्माण के प्रयासों को भी नई मजबूती दे।
— Narendra Modi (@narendramodi) March 19, 2026
शक्तिस्वरूपा मां दुर्गा की असीम कृपा से सबका कल्याण हो, जिससे विकसित भारत के हमारे संकल्प को भी नई ऊर्जा मिले. जय अंबे जगदंबे मां.” पीएम ने इस बात पर जोर दिया कि आध्यात्मिक ऊर्जा का यह प्रवाह राष्ट्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की प्रेरणा देगा.
मां शैलपुत्री की वंदना और संस्कृत सुभाषित
नवरात्रि के पहले दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप देवी शैलपुत्री की पूजा की जाती है. इस अवसर पर पीएम मोदी ने एक विशेष संस्कृत सुभाषित साझा कर देवी की स्तुति की:
“वन्दे वाञ्छितलाभाय चन्द्रार्धकृतशेखराम्. वृषारूढां शूलधरां शैलपुत्रीं यशस्विनीम्.”
इसका अर्थ साझा करते हुए उन्होंने बताया कि भक्तों की इच्छाएं पूर्ण करने वाली, मस्तक पर अर्धचंद्र धारण करने वाली और वृषभ पर आरूढ़ यशस्विनी मां शैलपुत्री हर किसी के जीवन में संयम, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करें. साथ ही, उन्होंने देवी मां के चरणों में एक भजन भी समर्पित किया और देशवासियों की ओर से नमन किया.
नव संवत्सर और गुड़ी पड़वा
भारतीय नव वर्ष यानी ‘नव संवत्सर’ के अवसर पर पीएम मोदी ने देशवासियों में साहस और आत्मविश्वास के संचार की कामना की. उन्होंने कहा कि यह नया साल सेवा की भावना को और सशक्त करे, जिससे राष्ट्र निर्माण के प्रयासों को मजबूती मिले.
वहीं, महाराष्ट्र और देश के विभिन्न हिस्सों में मनाए जाने वाले ‘गुड़ी पड़वा’ पर उन्होंने कहा कि यह त्योहार नई ऊर्जा, आशा और नए अवसरों का संदेश लेकर आता है. उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाला वर्ष हर भारतीय को अटूट दृढ़ संकल्प के साथ अपनी आकांक्षाओं को संवारने के लिए प्रेरित करेगा.
ये भी पढ़ें: हरियाणा में 6 साल में 18 हजार युवाओं की हार्ट अटैक से मौत, सरकार ने दी विधानसभा में जानकारी
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


