Bharat Express DD Free Dish

चेन्नई में पीएम मोदी का भव्य स्वागत, राज्यपाल आर्लेकर और सीएम विजय रहे मौजूद

PM Modi Tamil Nadu visit: पीएम नरेंद्र मोदी चेन्नई पहुंच गए हैं. राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर और सीएम विजय ने उनका स्वागत किया. दौरे में मेट्रो कॉरिडोर, हाईवे, रेलवे और पोर्ट परियोजनाओं से जुड़े कार्यक्रम होंगे.

PM Modi Tamil Nadu visit

चेन्नई में पीएम मोदी का भव्य स्वागत

PM Modi Tamil Nadu visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को चेन्नई पहुंचे, जहां तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर और मुख्यमंत्री विजय ने उनका स्वागत किया. अपने इस दौरे पर प्रधानमंत्री राज्य में कई विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे. इनमें मेट्रो रेल कॉरिडोर का उद्घाटन, हाईवे और रेलवे परियोजनाओं की शुरुआत के साथ चेन्नई पोर्ट से जुड़े अहम काम भी शामिल हैं.

तमिलनाडु में मुख्यमंत्री विजय के नेतृत्व वाली सरकार बनने के बाद पीएम मोदी का यह पहला चेन्नई दौरा है. एयरपोर्ट पर एआईएडीएमके महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी और भाजपा नेता नैनार नागेंद्रन भी प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए मौजूद रहे.

रोड शो के दौरान लोगों ने किया स्वागत

चेन्नई एयरपोर्ट से निकलने के बाद प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से पोरुर मेट्रो स्टेशन पहुंचे. उनके आने की खबर के बाद रास्ते में बड़ी संख्या में लोग जमा हुए. तमिलनाडु भाजपा की ओर से भी स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया. रोड शो के दौरान पीएम मोदी अपनी गाड़ी में खड़े होकर सड़क के दोनों ओर मौजूद लोगों का अभिवादन करते नजर आए. मुख्यमंत्री विजय भी अलग गाड़ी में उनके काफिले के पीछे चलते रहे.

मेट्रो से सफर करेंगे पीएम मोदी और सीएम विजय

प्रधानमंत्री के दौरे का सबसे अहम कार्यक्रम पूनामल्ली-वडापलानी मेट्रो कॉरिडोर से जुड़ा है. पीएम मोदी और मुख्यमंत्री विजय पोरुर से पूनामल्ली तक मेट्रो में एक साथ सफर करेंगे. इस दौरान प्रधानमंत्री के छात्रों और कर्मचारियों से बातचीत करने की भी उम्मीद है.

करीब 4,900 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह कॉरिडोर चेन्नई में शहरी परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इसके शुरू होने से शहर में आवागमन को सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी.

हाईवे, रेलवे और पोर्ट परियोजनाओं की सौगात

चेन्नई दौरे पर पीएम मोदी पूरी हो चुकी राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे. इसके अलावा करीब 3,700 करोड़ रुपये की लागत वाले नए सड़क निर्माण कार्यों की आधारशिला रखेंगे. लगभग 750 करोड़ रुपये की रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाएं भी देश को समर्पित की जाएंगी.


ये भी पढ़ें: ‘सदैव मां का आशीर्वाद बना रहे…’, शारदीय नवरात्र के पहले दिन पीएम मोदी ने देशवासियों को दी बधाई


वहीं, चेन्नई पोर्ट पर चार इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का उद्घाटन होना है. इनका उद्देश्य समुद्री सुविधाओं को मजबूत करना और माल ढुलाई की क्षमता बढ़ाना है.

आईआईटी मद्रास भी जाएंगे प्रधानमंत्री

मेट्रो कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्रास पहुंचेंगे. यहां वह जलकंडेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और संस्थान के ब्रेन रिसर्च सेंटर का दौरा करेंगे. इसके बाद आयोजित कार्यक्रम में तमिलनाडु की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और अन्य कार्यों का शिलान्यास किया जाएगा. प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए चेन्नई में प्रमुख मार्गों और कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read