Bharat Express DD Free Dish

सिंधी नववर्ष से मणिपुर के उत्सव तक: पीएम मोदी ने देश को दिया एकता का मंत्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिंधी नववर्ष चेटी चंड और मणिपुर के साजिबू चेराओबा पर देश को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने समाज में शांति, एकता और सकारात्मकता की प्रार्थना की.

PM Modi Wishes on Cheti Chand & Sajibu Cheiraoba

भारत की सांस्कृतिक विविधता और उत्सवों के संगम के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विभिन्न समुदायों के नववर्ष पर्वों पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं. प्रधानमंत्री ने ‘चेटी चंड’ और ‘साजिबू चेराओबा’ के पावन अवसर पर समाज में एकता, सकारात्मकता और खुशहाली का संदेश दिया.

आने वाला वर्ष मंगलमय हो: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने सिंधी समुदाय के प्रमुख त्योहार ‘चेटी चंड’ पर बधाई देते हुए कामना की कि आने वाला वर्ष सभी के लिए मंगलमय हो. उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “इस पावन पर्व पर आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं. यह पवित्र त्योहार समाज में खुशियां लाए, लोगों की उम्मीदों को पूरा करे और एकता की भावना को और मजबूत बनाए.”

आखिर में उन्होंने लिखा कि भगवान झूलेलाल का आशीर्वाद सभी पर बना रहे.

चेटी चंड त्योहार का महत्व

चेटी चंड सिंधी नववर्ष का प्रतीक है. यह दिन भगवान झूलेलाल (वरुण देव के अवतार) के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है, जो बुराई पर अच्छाई की जीत और बसंत ऋतु के आगमन का संदेश देता है.

मणिपुर के पारंपरिक नववर्ष की शुभकामनाएं

मणिपुर के पारंपरिक चंद्र नववर्ष ‘साजिबू चेराओबा’ के अवसर पर भी प्रधानमंत्री ने विशेष संदेश साझा किया. मुख्य रूप से मैतेई समुदाय द्वारा मनाये जाने वाले इस त्योहार पर पीएम ने कहा, ‘सभी को साजिबू चेराओबा की शुभकामनाएं. नया साल आप सभी के जीवन में खुशियां, समृद्धि और सफलता लेकर आए.’

पीएम मोदी ने आगे कहा कि हर जगह आशा और सकारात्मकता का माहौल बना रहे.

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल ने दी नवरात्रि की बधाई

देश के अन्य हिस्सों में भी उत्सव का माहौल है. जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी नवरात्रि के पावन अवसर पर केंद्र शासित प्रदेश के निवासियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने ‘जय माता दी’ के जयघोष के साथ सभी के कल्याण की प्रार्थना की.

ये भी पढ़ें: चैत्र नवरात्रि पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की देशवासियों को मंगलकामनाएं; बोले- “मां भगवती सबका कल्याण करें”

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read