PM Modi Government 12 Years: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 जून को देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित रहने वाले प्रधानमंत्री बन जाएंगे. इस खास मौके पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के प्रमुख और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने उन्हें बधाई दी है. उन्होंने इसे देश के राजनीतिक इतिहास में एक अहम उपलब्धि बताया.
“विकास दिख रहा है, सरकार अच्छा काम कर रही है”
एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उपेंद्र कुशवाहा ने केंद्र सरकार की तारीफ भी की. उन्होंने कहा कि सरकार लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश कर रही है और देश के कई हिस्सों में विकास कार्य साफ तौर पर नजर आ रहा है. उनके मुताबिक, यह एक सकारात्मक संकेत है और भविष्य में यह काम और मजबूती से आगे बढ़ना चाहिए.
कांग्रेस पर तीखा हमला
इसी बातचीत के दौरान कुशवाहा ने कांग्रेस की ओर से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है और वह केवल बयानबाजी तक सीमित रह गई है.
उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने काम में लगे हुए हैं और सरकार की ओर से जहां भी अनियमितताएं सामने आ रही हैं, वहां सख्त कार्रवाई की जा रही है. साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रधानमंत्री खुद इन मामलों पर नजर बनाए हुए हैं.
इसी बीच पटना में मशहूर शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर हुई फायरिंग की घटना पर भी उनसे सवाल पूछा गया. इस पर उपेंद्र कुशवाहा ने ज्यादा टिप्पणी करने से बचते हुए कहा कि उन्हें इस मामले की पूरी जानकारी नहीं है.
ये भी पढ़ें- ‘मन, शरीर और वाणी को शुद्ध करता है योग…’ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले पीएम मोदी ने देशवासियों से की बड़ी अपील
पटना में हुई थी घटना
गौरतलब है कि बिहार की राजधानी पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में मंगलवार देर रात खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग की घटना हुई थी. इस दौरान कोचिंग का एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया था.
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में मामला मारपीट और झड़प से जुड़ा लग रहा है. घटना के बाद पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी गई है. घायल गार्ड के बयान के साथ-साथ स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में है कि घटना के पीछे असली वजह क्या थी. अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित एंगल पर जांच जारी है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
