गुजरात के एकता नगर में सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के मौके पर इस बार कई खास कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचकर सरदार पटेल को श्रद्धांजलि देंगे. इसके साथ ही वह पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी 31 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे. इन सभी परियोजनाओं पर कुल 426.71 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं. माना जा रहा है कि इन सुविधाओं के शुरू होने से एकता नगर आने वाले पर्यटकों को पहले से बेहतर अनुभव मिलेगा.
प्रधानमंत्री मोदी का कार्यक्रम सुबह करीब 9 बजे शुरू होगा. वह सबसे पहले स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर पुष्पांजलि अर्पित कर सरदार पटेल को नमन करेंगे. इसके बाद अलग-अलग विकास परियोजनाओं को देश को समर्पित करने के साथ कुछ नई योजनाओं की नींव भी रखेंगे.
426 करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाओं का तोहफा
एकता नगर में जिन 31 परियोजनाओं पर काम किया गया है, उनमें से 23 परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा. इन पर 307.83 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं. वहीं, बाकी 8 परियोजनाओं का शिलान्यास होगा, जिनकी कुल लागत 118.88 करोड़ रुपये है.
इन परियोजनाओं में पर्यटन को बढ़ावा देने वाली कई आकर्षक सुविधाएं शामिल हैं. इनमें 50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार आईआरसीटीसी होटल खास है. इसके अलावा 16 करोड़ रुपये का एकता क्रूज भी पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण बनेगा. 14.30 करोड़ रुपये की लागत से तैयार रेन फॉरेस्ट अट्रैक्शन और 3.67 करोड़ रुपये का इको ट्रेल भी उद्घाटन होने वाली परियोजनाओं का हिस्सा हैं.
सिर्फ पर्यटन ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा की सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी ध्यान दिया गया है. इसके तहत सीवेज और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, ट्रैवलेटर, परेड ट्रैक, कर्मचारियों के लिए आवास और सड़कों के सुधार से जुड़े काम शामिल हैं. इसके अलावा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में नई फसाड लाइटिंग और एकता प्रकाश पर्व के विकास की योजनाएं भी इस सूची में हैं.
एकता प्रकाश पर्व में दिखी देश की सांस्कृतिक झलक
प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को ही एकता नगर पहुंचकर ‘एकता प्रकाश पर्व-2026’ का दौरा किया. यह कार्यक्रम सरदार पटेल की जयंती से एक दिन पहले आयोजित किया गया. यहां रोशनी के खूबसूरत इंतजामों के जरिए भारत के अलग-अलग हिस्सों की सांस्कृतिक पहचान को दिखाया गया.
इस आयोजन के इनडोर सेक्शन को चार हिस्सों में बांटा गया है. इनमें उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम भारत की परंपराओं और सांस्कृतिक विविधता को दर्शाया गया है. प्रधानमंत्री ने इन सभी जोन का दौरा किया और रोशनी से सजे प्रदर्शनों को देखा.
शाम को राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में होंगे शामिल
शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी रेन फॉरेस्ट और वामन वृक्ष वाटिका का भी दौरा करेंगे. इसके बाद शाम करीब 5:30 बजे वह राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शामिल होंगे. इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण एकता परेड होगी, जिसमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, विभिन्न राज्यों के पुलिस बलों और केंद्रीय पुलिस संगठनों के जवान हिस्सा लेंगे.
कार्यक्रम में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय की ओर से ‘नक्सल मुक्त भारत’ विषय पर एक विशेष नाट्य प्रस्तुति भी दी जाएगी. इसमें वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित रहे 126 जिलों के करीब 2,000 कलाकार अपनी भागीदारी निभाएंगे.
इसके अलावा ‘वंदे मातरम्’ की थीम पर आधारित झांकियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे. देश के अलग-अलग राज्यों से आए लगभग 5,000 कलाकार इस बड़े आयोजन में अपनी प्रस्तुति देंगे.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



