Bharat Express DD Free Dish

बंगाल में रिकॉर्ड वोटिंग पर गदगद हुए मोदी, हरदोई में बोले- दशकों बाद पहली बार लोग बिना डरे डाल रहे वोट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करते हुए पश्चिम बंगाल के मतदाताओं की सराहना की. उन्होंने कहा कि बंगाल में इस बार लोग बिना किसी डर के वोट डाल रहे हैं. साथ ही, उन्होंने सपा पर तीखा हमला करते हुए उन्हें परिवारवादी और नारी विरोधी करार दिया.

PM Modi in Hardoi People in Bengal voting without fear, slams SP for dynastic politics

उत्तर प्रदेश के हरदोई में आज जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 594 किलोमीटर लंबे ‘गंगा एक्सप्रेसवे’ की सौगात देश को सौंपी, तो उनके संबोधन में विकास के साथ-साथ लोकतंत्र की गूंज भी सुनाई दी. पीएम मोदी ने हरदोई के मंच से पश्चिम बंगाल में चल रहे दूसरे चरण के मतदान का जिक्र करते हुए बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा कि बंगाल में इस बार जो माहौल दिख रहा है, वो पिछले 6-7 दशकों में कभी नहीं देखा गया.

बंगाल में ‘डर का दौर’ खत्म: PM Modi

पश्चिम बंगाल की 142 सीटों पर हो रही वोटिंग के बीच पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल से जो तस्वीरें और खबरें आ रही हैं, वे दिल खुश करने वाली हैं. उन्होंने कहा, ‘बंगाल में इस बार लोग भयमुक्त होकर मतदान कर रहे हैं. जिस निर्भीक वातावरण की कल्पना भी मुश्किल थी, आज वैसी ही स्थिति में लोग लंबी-लंबी कतारों में खड़े हैं. ये हमारे मजबूत होते लोकतंत्र और संविधान की जीत है.’ दोपहर 1 बजे तक बंगाल में करीब 61.11 प्रतिशत मतदान हो चुका था, जिसे पीएम ने जनता की सजगता का प्रतीक बताया. उन्होंने बाकी बचे घंटों में भी लोगों से घर से बाहर निकलकर वोट डालने की अपील की.

‘सपा की राजनीति विकास और नारी विरोधी’

बंगाल की तारीफ के साथ ही पीएम मोदी ने यूपी की राजनीति पर आते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) को आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा कि सपा कभी भी परिवारवाद और जातिवाद के चंगुल से बाहर नहीं निकल सकती. पीएम ने आरोप लगाया कि ये दल न केवल विकास विरोधी हैं, बल्कि इनका असली चेहरा ‘नारी विरोधी’ भी है.

नारी शक्ति वंदन संशोधन का हवाला देते हुए पीएम ने कहा कि अगर ये पास हो जाता, तो 2029 से ही लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं की बड़ी भागीदारी दिखती. उन्होंने कहा, ‘सपा ने इस ऐतिहासिक संशोधन के खिलाफ वोट करके साबित कर दिया कि वे महिलाओं को सत्ता के केंद्र में नहीं देखना चाहते.’

गंगा एक्सप्रेसवे: यूपी की नई लाइफलाइन

हरदोई में जिस गंगा एक्सप्रेसवे का पीएम ने उद्घाटन किया, वह यूपी का सबसे लंबा एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे है. पीएम ने कहा कि ये एक्सप्रेसवे सिर्फ दूरी कम नहीं करेगा, बल्कि यूपी की आर्थिक प्रगति के द्वार खोलेगा. उन्होंने कहा कि अब ‘डबल इंजन’ की सरकार में शिलान्यास भी समय पर होता है और लोकार्पण भी, ताकि जनता को दशकों तक इंतजार न करना पड़े.

ये भी पढ़ें: हरदोई को गंगा एक्सप्रेसवे का तोहफा और सपा पर तिखा हमला, पीएम मोदी बोले- ‘सपा की रगों में परिवारवाद, रहे सतर्क’

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read