Bharat Express DD Free Dish

‘एक साल तक न खरीदें सोना’ PM मोदी ने कर दी अपील, पेट्रोल-डीजल के इस्तेमाल पर भी दी ये सलाह

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए लोगों से आने वाले एक साल तक खर्चों में सावधानी बरतने की अपील की. उन्होंने कहा कि दुनिया इस समय आर्थिक संकट और युद्ध जैसे हालात से गुजर रही है.

PM Modi

PM Modi

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए लोगों से आने वाले एक साल तक खर्चों में सावधानी बरतने की अपील की. उन्होंने कहा कि दुनिया इस समय आर्थिक संकट और युद्ध जैसे हालात से गुजर रही है, इसलिए भारत को मजबूत बनाए रखने के लिए हर नागरिक को अपनी तरफ से थोड़ा योगदान देना होगा.

पीएम मोदी ने लोगों से कहा कि फिलहाल गैर-जरूरी खर्च कम करें और खास तौर पर सोना खरीदने से बचें. उनका कहना था कि भारत बड़ी मात्रा में सोना विदेशों से खरीदता है, जिससे देश का काफी पैसा बाहर चला जाता है. अगर लोग कुछ समय तक सोने की खरीदारी कम करेंगे तो विदेशी मुद्रा की बचत होगी.

विदेश घूमने से करें परहेज

उन्होंने विदेश घूमने और डेस्टिनेशन वेडिंग जैसे महंगे खर्चों पर भी रोक लगाने की सलाह दी. पीएम ने कहा कि अगर लोग देश के अंदर ही घूमने-फिरने और शादी-ब्याह करेंगे तो इससे भारतीय कारोबार और पर्यटन को फायदा मिलेगा.

ईंधन बचाने को लेकर भी प्रधानमंत्री ने लोगों से खास अपील की. उन्होंने कहा कि जहां तक हो सके, लोग मेट्रो, बस और दूसरे सार्वजनिक वाहनों का इस्तेमाल करें. साथ ही कार-पूलिंग अपनाने की भी सलाह दी, ताकि पेट्रोल-डीजल की खपत कम हो सके. पीएम मोदी ने कंपनियों से कहा कि जरूरत पड़ने पर फिर से ‘वर्क फ्रॉम होम’ और ऑनलाइन मीटिंग्स शुरू की जा सकती हैं, जिससे ट्रैफिक और ईंधन दोनों की बचत होगी.

वोकल फॉर लोकल पर दिया जोर

प्रधानमंत्री ने ‘वोकल फॉर लोकल’ पर भी जोर दिया. उन्होंने लोगों से अपील की कि रोजमर्रा के सामान जैसे जूते, कपड़े, बैग और दूसरी चीजें भारतीय कंपनियों की खरीदें. उनका कहना था कि इससे देश के युवाओं को रोजगार मिलेगा और भारतीय उद्योग मजबूत होंगे.

खाने के तेल के ज्यादा इस्तेमाल को लेकर भी पीएम मोदी ने चिंता जताई. उन्होंने कहा कि तेल की खपत कम करने से एक तरफ लोगों की सेहत बेहतर रहेगी, वहीं दूसरी तरफ विदेशों से होने वाले महंगे आयात पर भी निर्भरता घटेगी.

प्राकृतिक खेती अपनाएं किसान

किसानों के लिए पीएम मोदी ने प्राकृतिक खेती अपनाने की बात कही. उन्होंने रासायनिक खाद का इस्तेमाल कम करने और सोलर पंप लगाने की सलाह दी. उनका कहना था कि इससे किसानों का खर्च घटेगा और डीजल की बचत भी होगी.

ये भी पढ़ें- पूर्व CJI जस्टिस बी.आर. गवई ने श्रीलंका के कैंडी में किए ‘टेम्पल ऑफ द टूथ’ के दर्शन, भगवान बुद्ध का लिया आशीर्वाद

अपने भाषण में पीएम मोदी ने कहा कि जैसे देश ने मिलकर कोरोना महामारी का सामना किया था, वैसे ही अब आर्थिक चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए भी एकजुट होने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि अगर हर भारतीय छोटी-छोटी बचत और जिम्मेदारी निभाएगा, तो भारत दुनिया की सबसे मजबूत अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो सकता है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read