Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

Viral Video | ध्यान साधना के तीसरे और आखिरी दिन प्रधानमंत्री मोदी का विहंगम वीडियो सामने आया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तमिलनाडु के कन्याकुमारी शहर के पास समुद्र में स्थित विवेकानंद रॉक मेमोरियल के ध्यान मंडपम में 45 घंटे की साधना कर रहे हैं.

विवेकानंद रॉक मेमोरियल में ध्यान में लीन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी.

लोकसभा चुनाव के 7वें और आखिरी चरण के चुनाव के लिए प्रचार अभियान का बीते बृहस्पतिवार (30 मई) को समापन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तमिलनाडु पहुंच गए थे. वह राज्य के कन्याकुमारी शहर के पास समुद्र में स्थित विवेकानंद रॉक मेमोरियल (Vivekananda Rock Memorial) के ध्यान मंडपम में 45 घंटे की ध्यान साधना कर रहे हैं.

गेरुआ वस्त्रों में नजर आए पीएम

इस ध्यान साधना का आज (1 जून) को आखिरी दिन है. ध्यान साधना के आखिरी दिन प्रधानमंत्री मोदी का एक विहंगम वीडियो सामने आया है, जिसमें गेरुआ वस्त्र धारण किए प्रधानमंत्री मोदी सुबह-सुबह सूर्य को जल अर्पण और मंत्रोच्चार करते नजर आ रहे हैं. वह हाथ में रुद्राक्ष की माला लिए विशाल शांत समुद्र को निहारते हुए मंदिर परिसर में नंगे पांव टहलते हुए नजर आ रहे हैं.

गुरुवार को कन्याकुमारी पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले मां भगवती अम्मन मंदिर में दर्शन और पूजन किया था. इसके बाद एक नाव के जरिये विवेकानंद रॉक मेमोरियल रवाना हुए थे. पीएम मोदी ने जब से देश की बागडोर संभाली है तब से चुनाव प्रचार के बाद आध्यात्मिक यात्राओं पर जाते रहे हैं.


ये भी देखें: किसकी बनेगी सरकार? कौन होगा प्रधानमंत्री? जानें शाम 6 बजे सिर्फ ‘भारत एक्सप्रेस’ पर


स्वामी विवेकानंद को समर्पित स्मारक

स्वामी विवेकानंद के नाम पर बना यह स्मारक समुद्र के बीच में स्थित है. ऐसा माना जाता है कि यहीं पर स्वामी विवेकानंद को ‘भारत माता’ के दिव्य दर्शन हुए थे. यह स्मारक उन्हें श्रद्धांजलि स्वरूप बनाया गया है.

इससे पहले 2014 में चुनाव अभियान के अंत में पीएम मोदी ने इसी तरह महाराष्ट्र में सतारा जिले के प्रतापगढ़ का दौरा किया था, जहां शिवाजी के नेतृत्व वाली मराठा सेना और जनरल अफजल खान के नेतृत्व वाली बीजापुर सेना के बीच लड़ाई हुई थी. 2019 के लोकसभा चुनाव में प्रचार समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री ने केदारनाथ गुफा में भी इसी तरह ध्यान लगाया था.

आखिरी चरण का मतदान

मालूम हो कि 7 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ की 57 सीटों पर 1 जून को लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के लिए मतदान जारी हैं. इस चरण में चंडीगढ़ के अलावा पंजाब की सभी 13 और हिमाचल प्रदेश की 4, उत्तर प्रदेश की 13, पश्चिम बंगाल की 9, बिहार की 8, ओडिशा की 6 और झारखंड की 3 सीट शामिल हैं. यूपी की वाराणसी सीट पर भी इसी चरण में मतदान हो रहे हैं, जहां से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार चुनाव मैदान में हैं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital