Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

माननीय प्रधानमंत्री के कर कमलों द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित करछना स्टेशन का लोकार्पण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित करछना रेलवे स्टेशन का लोकार्पण किया. प्रयागराज मंडल के इस स्टेशन को 9.8 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है.

Prashant Rai Edited by Prashant Rai

प्रधानमंत्री, श्री नरेंद्र मोदी जी ने वीडिओ कांफ्रेंस के माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित करछना स्टेशन सहित 103 रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया . इस अवसर पर करछना स्टेशन पर आयोजित स्थानीय कार्यक्रम की मुख्य अथिति माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, रसायन एवं उर्वरक, श्रीमती अनुप्रिया सिंह पटेल थी.

कार्यक्रम की शुरुआत में दीप प्रज्वलन किया गया तत्पश्चात मण्डल रेल प्रबंधक/प्रयागराज, श्री रजनीश अग्रवाल एवं अपर मण्डल रेल प्रबंधक/सामान्य, श्री संजय सिंह ने मंच पर उपस्थित गणमान्य अथितियों का प्लांटर देकर स्वागत किया. मण्डल रेल प्रबंधक ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल के दिल्ली-हावड़ा मुख्य मार्ग के प्रयागराज-पंडित दीन दयाल उपाध्याय खंड पर प्रयागराज के तेजी से विस्तारित हो रहे उपनगरीय क्षेत्र को सेवित करने वाले स्टेशनों में से एक करछना स्टेशन को 9.8 करोड़ रुपये की लागत से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किया गया है. यह स्टेशन तिहरीकृत रेल मार्ग का हिस्सा होने के साथ ही आगामी भविष्य में 160 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति वाली सेवाओं से जुड़ जाएगा. करछना स्टेशन इसी मुख्य मार्ग पर स्थित होने से इस स्टेशन का महत्व बहुत ज्यादा है. नवविकसित स्टेशन पर एक अतिरिक्त प्लेटफॉर्म के साथ नए स्टेशन भवन का भी निर्माण किया गया है. स्टेशन पर सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन के लिए फुट ओवर ब्रिज बनाया गया है. इस फुट ओवर ब्रिज से यात्री एक प्लेटफ़ॉर्म से दूसरे प्लेटफ़ॉर्म पर सुगमता से जा सकेंगे. नवीनीकृत स्टेशन भवन आधुनिक और आकर्षक बनाया गया है. यह स्टेशन यात्रियों को एक अच्छा अनुभव प्रदान करेगा. आधुनिक डिज़ाइन वाला आकर्षक स्टेशन फसाड, आधुनिकता एवं सुंदरता का शानदार नमूना है.

करछना स्टेशन के लोकार्पण कार्यक्रम में उपस्थित जन समूह को संबोधित करते हुए माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, रसायन एवं उर्वरक, श्रीमती अनुप्रिया सिंह पटेल जी ने कहा कि देश में प्रथम चरण में 1300 से अधिक अमृत भारत स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं. इनमें से 103 स्टेशनों का लोकार्पण आज किया जा रहा है. देश में विकसित किए जा रहे 1300 अमृत भारत स्टेशनों में से 157 स्टेशन अकेले उत्तर प्रदेश में विकसित किए जा रहे हैं. इनमें से 19 स्टेशनों का आज उत्तर प्रदेश में लोकार्पण हो रहा है. माननीय प्रधानमंत्री ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य रखा है. इस बड़े लक्ष्य की पूर्ति के लिए रेलवे का दायित्व भी बड़ा है. गत 11 वर्षों में रेलवे के ढांचे का आधुनिकीकरण किया गया है. विकास की इस गाथा में रेलवे की तस्वीर भी बदल रही है. रेलवे की सुविधाओं का निरंतर विस्तार हो रहा है और कनेक्टिविटी भी बेहतर हो रही है. देश में एक ओर मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन पर कार्य चल रहा है वहीं दूसरी ओर देश को नमो भारत और वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनें भी मिली हैं. भारतीय रेल के परिचालन को सुरक्षित बनाने के लिए टक्कररोधी तकनीकी कवच को 15000 किमी में लगा दिया गया है. गत 11 वर्षों में 30000 किमी नया ट्रैक बिछाया गया है. माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री ने जनता से अपील करते हुए कहा कि रेल की संपत्ति आपकी है, स्टेशन आपका है इसलिए इसको स्वच्छ बनाए रखने का दायित्व भी आपका है.

माननीय महापौर, नगर निगम प्रयागराज, श्री उमेश गणेश चंद्र केसरवानी ने जन समूह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा देश और रेल के विकास में सकारात्मक परिवर्तन हो रहा है. विकसित करछना स्टेशन से आवागमन करने वालों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी. प्रयागराज जनपद का यह स्टेशन यहाँ के व्यापार, शिक्षा और समृद्धि में सकारात्मक परिवर्तन लायेगा.

माननीय लोकसभा सदस्य/फूलपुर, श्री प्रवीण पटेल ने भी जन समूह को संबोधित करते हुए कहा कि करछना स्टेशन का प्रतीक्षालय एवं सर्कुलेटिंग एरिया यात्रियों के लिए बेहद सुविधाजनक बनाया गया है इससे स्टेशन पर यात्रियों का आवागमन आसानी से हो सकेगा. विकसित करछना रेलवे स्टेशन यात्रियों को आधुनिकता और विकास का नया अनुभव प्रदान करेगा. यह स्टेशन न केवल यात्रियों की जरूरतों को पूरा करेगा, बल्कि शहर के विकास एवं विस्तार के क्रम में महत्वपूर्ण भूमिका भी निभाएगा.

इस कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए. इस अवसर पर प्रयागराज मण्डल द्वारा “मेरा अमृत स्टेशन” एवं “ऑपरेशन सिन्दूर – वीरता की मिसाल” विषय पर प्रयागराज में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में विजेता बच्चों को माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, रसायन एवं उर्वरक, श्रीमती अनुप्रिया सिंह पटेल द्वारा पुरस्कृत किया गया. कार्यक्रम के उपरांत सरकार द्वारा चलाए गए आपरेशन सिंदूर में शौर्य का परिचय देने वाले वीर जवानों के सम्मान में तिरंगा झंडे के साथ एक रैली का भी आयोजन किया गया.

इस कार्यक्रम का संचालन मण्डल वाणिज्य प्रबंधक/कोचिंग, श्री हिमांशु शुक्ला एवं मुख्य लोको निरीक्षक, श्री वासुदेव पाण्डेय ने किया. कार्यक्रम में मण्डल रेल प्रबंधक/प्रयागराज, श्री रजनीश अग्रवाल; अपर मण्डल रेल प्रबंधक/सामान्य, श्री संजय सिंह एवं मण्डल वाणिज्य प्रबंधक/कोचिंग, श्री हिमांशु शुक्ला, प्रयागराज मण्डल के अन्य अधिकारी, निरीक्षक, पर्यवेक्षक, कर्मचारी उपस्थित रहे. इस अवसर पर एयरफोर्स के ग्रुप कैप्टन श्री ललित कुमार तनेजा को भी सम्मानित किया गया.

इस कार्यक्रम में माननीय लोकसभा सदस्य/फूलपुर, श्री प्रवीण पटेल; माननीय महापौर, नगर निगम प्रयागराज, श्री उमेश गणेश चंद्र केसरवानी; माननीय विधायक/करछना, श्री पियूष रंजन निषाद; माननीय विधायक/फाफामऊ, श्री गुरु प्रसाद मौर्य; माननीय विधायक/बारा, श्री वाचस्पति, माननीय विधायक/फूलपुर, श्री दीपक पटेल; माननीय विधान परिषद् सदस्य, श्री केपी श्रीवास्तव; माननीय विधान परिषद् सदस्य, श्री सुरेन्द्र चौधरी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनता उपस्थित रही.

ये भी पढ़ें- लोकबंधु चिकित्सालय में आग की घटना के बाद जांच कमेटी ने दी सिफारिशें, डिप्टी सीएम ने दिए सभी अस्पतालों में लागू करने के निर्देश

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital