Bharat Express DD Free Dish

जयपुर को मिलेगी जाम से मुक्ति: पिंक सिटी में पीएम मोदी रखेंगे मेट्रो फेज-II की आधारशिला, 115 मंदिरों की भी बदलेगी सूरत

पीएम मोदी 4 जुलाई को 13,000 करोड़ रुपये की लागत वाले जयपुर मेट्रो फेज-II की आधारशिला रखेंगे. इस मेगा प्रोजेक्ट के साथ ही 115 मंदिरों के जीर्णोद्धार, नए सैटेलाइट अस्पताल, ट्रॉमा सेंटर और आधुनिक सफाई मशीनों की सौगात जयपुर की जनता को समर्पित की है.

PM Modi To Lay Foundation For Jaipur Metro Phase II On July 4

पिंक सिटी जयपुर के बाशिंदों के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी है. आगामी 4 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जयपुर मेट्रो के फेज-II की आधारशिला रखने जा रहे हैं. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इसकी आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि इस महा-प्रोजेक्ट के ‘प्रहलादपुरा-पिंजरापोल गौशाला कॉरिडोर’ के लिए वर्क ऑर्डर भी जारी हो चुके हैं. इस पूरे प्रोजेक्ट पर 13,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का भारी-भरकम निवेश होने जा रहा है, जिससे जयपुर में ट्रैफिक जाम की समस्या गुजरे जमाने की बात हो जाएगी.

सांगानेर में विकास कार्यों की बौछार

सांगानेर स्टेडियम में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 631 करोड़ रुपये की लागत वाले 1,538 विकास कार्यों का शिलान्यास और उद्घाटन किया. ‘विकास भी, विरासत भी’ के मंत्र पर चलते हुए सरकार ने सांगानेर के 115 प्राचीन मंदिरों के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कार्य की भी नींव रखी है.

इसके अलावा, जयपुर-भीलवाड़ा रोड पर मुहाना मोड़ पर नया फ्लाईओवर, बंबाला में 88 करोड़ का सीवरेज प्लांट, पृथ्वीराज नगर में सैटेलाइट अस्पताल और भांकरोटा में एक अत्याधुनिक ट्रॉमा सेंटर बनाने की भी तैयारी शुरू हो गई है. यूनिटी मॉल और द्रव्यवती नदी प्रोजेक्ट पर भी काम तेज कर दिया गया है.

ग्रामीणों को मिला मालिकाना हक

जयपुर को साफ-सुथरा बनाने के लिए राज्य में पहली बार पांच हाईटेक मैकेनिकल कचरा उठाने वाली मशीनें तैनात की जा रही हैं, जो तंग गलियों और फुटपाथों से भी कचरा साफ कर सकेंगी. साथ ही, सीएम ने सीवर सफाई के लिए ‘सुपर सकर’ मशीनों को भी हरी झंडी दिखाई.

वहीं, कार्यक्रम में ‘स्वामित्व योजना’ के तहत ग्रामीणों को रिहायशी संपत्तियों के मालिकाना हक के कार्ड भी बांटे गए. सीएम ने बताया कि अब तक राजस्थान के 8,000 से ज्यादा गांवों में ड्रोन सर्वे पूरा कर 14 लाख लोगों को उनके घरों का कानूनी हक दिया जा चुका है.

ये भी पढ़ें: CBI Operation Chakra VI: ‘डिजिटल अरेस्ट’ करने वाले साइबर ठगों पर CBI का बड़ा एक्‍शन, 16 राज्यों में 80 से ज्यादा ठिकानों पर छापे

-भारत एकस्प्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read